
मुंबई: अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना के बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले में कार्रवाई कर रही है और इसे सुलझाने के लिए गंभीरता से प्रयासरत है।
नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण का हालचाल जानने यहां पहुंचे थे जिनकी मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में कंधे की सर्जरी की गई है।
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग राजनीतिक बयान: नायडू
तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख नायडू ने वियतनाम में हुई नौका दुर्घटना में 15 भारतीयों की मौत को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शव भारत लाए जा रहे हैं और मृतकों में आंध्र प्रदेश के तीन लोग भी शामिल हैं।
राम मंदिर चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच कराने की कांग्रेस की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए नायडू ने इसे राजनीतिक बयान बताया।
उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण बात यह है कि मामले में कार्रवाई हो रही है या नहीं, और उत्तर प्रदेश सरकार ने इस संबंध में आवश्यक कदम उठाए हैं।
नायडू ने पत्रकारों से कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश सरकार कार्रवाई कर रही है। यह लंबे समय से जारी समस्या है और सरकार इसे सुलझाने में सक्षम है। कुछ मामले सामने आए हैं और उनकी जांच जारी है। उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले में कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी को जांच पूरी होने तक कुछ समय इंतजार करना चाहिए। कुछ अनियमितताएं सामने आई हैं और सरकार उन्हें दूर करने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है।’’
नायडू की पार्टी केंद्र में भाजपा की सहयोगी है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छुट्टी पर जाने संबंधी सवाल पर नायडू ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता की सेवा के लिए हमेशा उपलब्ध रहना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘चाहे कोई सरकार में हो या विपक्ष में, किसी भी समस्या पर उसकी प्रतिक्रिया सकारात्मक होनी चाहिए।’’






