चेन्नई: तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी खींचतान जारी है। इस बीच खबर सामने आई है कि तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय शुक्रवार की शाम को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात सरकार के गठन को लेकर जारी गतिरोध को सुलझाने और बहुमत साबित करने के लिए होगी।
विजय ने छुआ बहुमत का जादुई आंकड़ा
सूत्रों के मुताबिक, टीवीके नेता विजय ने आखिरकार बहुमत का दावा करने के लिए जरूरी सीटों का आंकड़ा पा लिया है। इसमें कांग्रेस की पांच और वीसीके, सीपीएम और सीपीआई की दो-दो सीटें शामिल हैं। इन दलों के समर्थन से विजय ने बहुमत के लिए 118 सीटों के जादुई आंकड़े को छू लिया है। राज्यपाल आर्लेकर के साथ विजय की आज तीसरी मुलाकात होगी। इससे पहले दोनों बार आर्लेकर ने विजय के सरकार बनाने के दावे को खारिज करते हुए तर्क दिया कि टीवीके नेता को सदन में बहुमत के लिए जरूरी समर्थन प्राप्त नहीं है।
सीपीआई और सीपीएम ने दिया बिना शर्त समर्थन
सीपीआई और सीपीएम ने सरकार गठन के लिए टीवीके को बिना शर्त समर्थन दिया है। सीपीएम के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीपीआई के प्रदेश सचिव वीरपांडियन ने कहा, "टीवीके ने सीपीआई, सीपीएम और वीसीके से संपर्क किया। हमने अपनी पार्टी की बैठक की। लोकतंत्र में उतार-चढ़ाव होना स्वाभाविक है। तमिलनाडु की जनता ने टीवीके का समर्थन किया है और उन्हें निर्वाचित करने का निर्णय लिया है। हमने लोकतांत्रिक तरीके से निर्णय लिया है।"
टीवीके बनी सबसे बड़ी पार्टी
विजय की तमिलगा वेट्री कझगम ने पिछले महीने के चुनाव में शानदार जीत हासिल की थी। पार्टी ने अपने पहले ही चुनावी मुकाबले में 234 में से 108 सीटें जीतकर द्रविड़ राजनीति की दिग्गज पार्टियों डीएमके और एआईएडीएमके के तमिलनाडु में 62 साल के वर्चस्व को तोड़ दिया है।






