काठमांडू: नेपाल में आए फ्लैश फ्लड ने रेसुवा जिले में भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में 7 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई है और कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। वहीं, नेपाल टूरिज्म ने भी एक आंकड़ा साझा किया है जिसके मुताबिक 291 विदेशी पर्यटकों का पता नहीं चल पाया है और इनमें भारत के 105 नागरिक भी शामिल हैं।
31 तीर्थयात्री मानसरोवर की यात्रा पर जा रहे थे
नेपाल पर्यटन विभाग के मुताबिक सुबह रसुवा में भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद 384 यात्री लापता हो गए हैं। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, लापता लोगों में से 291 विदेशी नागरिक हैं। विदेशी नागरिकों में 105 भारतीय पर्यटक लापता हो गए हैं। इनमें 31 तीर्थयात्री भी थे, जो मानसरोवर की यात्रा पर जा रहे थे।
विभाग ने विभिन्न टूरिज्म एजेंसियों के हवाले से आंकड़ा पेश किया है, जिसमें एक जगह 59 और दूसरी जगह कुल 46 भारतीयों की संख्या साफ दिख रही है।
इसके साथ ही बोर्ड ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसके मुताबिक, एहतियात के तौर पर, काठमांडू घाटी की ट्रैफिक पुलिस ने काठमांडू से रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग और चितवन जाने वाले वाहनों को रोक दिया है।






