मुंबई: रुपया शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 63 पैसे चढ़कर 95.73 (अस्थायी) पर रहा। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित हस्तक्षेप से घरेलू मुद्रा में यह मजबूती आई है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की टिप्पणी से बाजार को कुछ राहत मिली। उन्होंने संकेत दिया था कि ईरान से जुड़े मुद्दे पर कूटनीतिक वार्ता रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके अलावा घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल में गिरावट से भी रुपये को बल मिला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.30 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 95.30 प्रति डॉलर तक गया और नीचे में 95.68 पर आया। कारोबार के अंत में रुपया 95.73 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद स्तर से 63 पैसे अधिक है।
बृहस्पतिवार को रुपया अपने सर्वकालिक निचले बंद स्तर से उबरते हुए 50 पैसे की तेजी के साथ 96.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, “अमेरिका और ईरान के बीच अनिश्चितता के कारण रुपये में नकारात्मक रुख रह सकता है। हालांकि, शांति समझौते को लेकर उम्मीद और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी निचले स्तरों पर रुपये को मजबूती दे सकती है।”
उन्होंने कहा, “अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल में भी नरमी है, जिससे घरेलू मुद्रा को सहारा मिल सकता है। डॉलर के मुकाबले रुपया का हाजिर भाव 95.50 से 96.30 के दायरे में रहने का अनुमान है।”






