नई दिल्ली: घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। आज से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।
यह तीन महीनों में दूसरी बढ़ोतरी है, इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर 60 रुपये महंगा किया गया था। इसके बाद से घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर बने हुए थे। हालांकि अब इसमें बढ़ोतरी की गई है।
बताया जा रहा है कि ईरान संकट और वेस्ट एशिया में जारी तनाव के चलते वैश्विक ऊर्जा कीमतों में उछाल आया है, जिससे सरकारी तेल कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ा है। यह नई कीमतें पूरे देश में लागू होंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एलपीजी की कीमतें आसमान छूने से देश की तेल कंपनियां भारी आर्थिक बोझ तले दब रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, ताजा बढ़ोतरी लागू होने से पहले तक कंपनियों को हर घरेलू सिलेंडर पर लगभग 703 रुपये की चपत लग रही थी।
कमर्शियल सिलेंडर के लगातार बढ़ रहे दाम
दूसरी ओर, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। 1 जून 2026 को ही दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 42 रुपये बढ़े। वहीं, कोलकाता में 53.50 रुपये महंगा हो गया था। फिलहाल दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 3113.50 रुपये में मिल रहा है। कोलकाता में इसके दाम बढ़कर 3,255.50 रुपये हो गए है।
मई महीने में कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 1 हजार रुपये का बड़ा इजाफा हुआ था। दिल्ली-मुंबई में इसकी कीमत 993 रुपये तक बढ़ गई थी। अप्रैल 2026 को कमर्शियल सिलेंडर दिल्ली में 195 रुपये, कोलकाता में 218 रुपये महंगा हुआ था। 7 मार्च 2026 को भी इसके दाम बढ़े थे।






