कोलंबो: भारत ने सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में सोमवार को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की। इस पारी में देवदत्त पड्डिकल और ध्रुव जुरेल ने शतक लगाए। दूसरे दिन के पहले सेशन में पंत एक बार फिर बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ 112 रन जोड़े, लेकिन दूसरे सेशन की पहली ही गेंद (112.1 ओवर) पर केशरा नुवानथा को अपना विकेट दे बैठे। पंत जब आउट हुए, तो उनके खाते में 63 रन थे, जिसमें 2 छक्के और 4 चौके शामिल थे।
125वें ओवर की चौथी गेंद पर टीम ने मानव सुथार (18) का विकेट भी गंवा दिया। भारत ने 131.2 ओवरों में 8 विकेट गंवाकर 475 रन बना लिए थे। इसी बीच बारिश के चलते खेल रोकना पड़ा। जब खेल फिर से शुरू हुआ, तो 137वें ओवर की पहली गेंद पर मोहम्मद सिराज (3) का विकेट गिरा। सिराज और ध्रुव जुरेल के बीच 31 रन की साझेदारी हुई। 11 गेंदों बाद टीम इंडिया ने अपनी पारी घोषित कर दी।
जुरेल 2 छक्कों और 9 चौकों के साथ 115 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 7 गेंदों में 4 रन टीम के खाते में जोड़े। मेजबान टीम की तरफ से असिथा फर्नांडो ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रभात जयसूर्या और केशरा नुवानथा ने 2-2 विकेट निकाले। लाहिरु कुमारा ने 1 विकेट चटकाया।






