मुंबई: कन्नड़ फिल्म उद्योग के सुपरस्टारों में से एक, निर्देशक और टीवी होस्ट किच्चा सुदीप ने अपने करियर के 30 साल पूरे कर लिए हैं, और अभिनेता के लिए ये किसी बड़े सपने के सच होने जैसा है। जब अभिनेता ने दक्षिण भारतीय सिनेमा में कदम रखा था, तब वे कई सपनों, शंकाओं और असीम आशाओं से भरे थे। आज वे सिनेमा पर राज कर रहे हैं।
फैंस को दिया पूरा श्रेय
अपने करियर में 'ईगा (मक्खी)', 'विक्रांत रोना' और 'कब्जा' जैसी बहुभाषी हिट फिल्में देने वाले अभिनेता ने 30 साल का सफर पूरा कर लिया है और वे सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों और समर्थकों का आभार व्यक्त कर रहे हैं। किच्चा सुदीप ने सोशल मीडिया पर फैंस को धन्यवाद देते हुए और अपनी जर्नी को लेकर भावनाओं से भरा पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा, "इस अद्भुत, खूबसूरत फिल्म जगत में तीन दशकों के बाद यहां खड़े होकर मेरा दिल बस खुशी से भरा है।"
उन्होंने आगे लिखा, सपनों, "शंकाओं और असीम आशाओं से भरे एक लड़के से लेकर आज जो कुछ भी यह मुकाम हासिल किया है, वह आपकी बदौलत मेरी कल्पना से कहीं अधिक बड़ा है।"






