नई दिल्ली/मुंबई: दिल्ली में जंतर-मंतर तक मार्च के दौरान छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग की खबरों के बीच बॉलीवुड के कई सितारों ने छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है। अभिनेत्री पूजा भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा, अदिति राव हैदरी, जेनेलिया देशमुख समेत कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों की बात सुने जाने और उनकी चिंताओं का समाधान किए जाने की अपील की है। शबाना आज़मी ने जंतर मंतर पहुंच कर भूख हड़ताल पर बैठै आईसा के कार्यकर्ताओं को जूस पिलाकर भूख हड़ताल खत्म करवायी।
पूजा भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, "जब पुलिस या कानून लागू करने वाली एजेंसियां छात्रों के खिलाफ आंसू गैस और लाठियों का इस्तेमाल करती हैं, तो यह सरकार द्वारा खुद को बचाने जैसा होता है। इसके बाद इस हिंसा को 'कानून व्यवस्था' जैसे शब्दों के पीछे छिपाकर सही ठहराया जाता है, क्योंकि विरोध की आवाज को दबाने से सत्ता में बैठे लोगों का अधिकार सुरक्षित रहता है।"
वहीं, अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "20 जुलाई... बहुत लोगों की हड्डियां टूटीं और एक पूरे देश का दिल टूटा। याद रखना।"
अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने भी छात्रों के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया। उन्होंने लिखा, "हम अपने देश के युवाओं के साथ एकजुटता से खड़े हैं। उनकी आवाज बिना किसी डर के, साफ और मजबूती से सुनी जानी चाहिए। युवा हमारे लोकतंत्र की धड़कन हैं और देश के भविष्य के असली निर्माता भी। आइए, उनकी बात सुनें, उनका साथ दें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए सशक्त बनाएं। हमारे युवाओं की ऊर्जा, साहस और सपने ही उस भारत का निर्माण करेंगे, जिसकी हम कल्पना करते हैं। जय हिंद।" दक्षिण-एशियाईऔर प्रवासी
अदिति राव हैदरी ने इस पूरे घटनाक्रम पर एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने लिखा, "किसी की भी राजनीतिक सोच अलग हो सकती है, लेकिन सबसे पहले इंसानियत को महत्व दिया जाना चाहिए। हमें अपने बहादुर छात्रों और अपनी बात रखने की कोशिश कर रहे हर व्यक्ति के लिए सम्मान, गरिमा और संवेदनशीलता से भरा सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना चाहिए। एक-दूसरे की बात सुनना ही सार्थक प्रगति की नींव है। हमारे छात्र ही हमारे देश का भविष्य हैं।"






