ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

बीकानेर: पहलगाम हमले के 1 महीने बाद राजस्थान की धरती पर पीएम मोदी जब पहुंचे तो उनके तेवर आतंक के खिलाफ बेहद तीखे नजर आए। प्रधानमंत्री मोदी ने सरहद के करीब से दुनिया को वो मैसेज दिया, जिसे पाकिस्तान कभी नहीं भूलेगा। पीएम मोदी ने उग्र भाव में आतंक के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर की बात की। पीएम मोदी ने कड़ा मैसेज देते हुए कहा कि दुनिया ने देख लिया है कि जब सिंदूर बारूद बन जाता है तो क्या होता है।

पहलगाम हमले पर पीएम मोदी ने कहा, "हमने 22 तारीख के हमले के जवाब में 22 मिनट में आतकियों के 9 सबसे बड़े ठिकाने तबाह कर दिए। सरकार ने तीनों सेना को खुली छूट दी थी, जिसके बाद आर्मी ने पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।"

पीएम मोदी बोले, "देश ने संकल्प लिया था कि आतंकियों को मिट्टी में मिला देंगे और मुझे कहते हुए खुशी हो रही है कि कल्पना से बड़ी कार्रवाई हुई।" उन्होंने कहा, "आतंकवाद से निपटने के तीन सूत्र तय कर दिए हैं- पहला, भारत पर आतंकी हमला हुआ तो करारा जवाब मिलेगा।

उन्होंने कहा, समय हमारी सेनाएं तय करेंगी, तरीका भी हमारी सेनाएं तय करेंगी और शर्तें भी हमारी होंगी। दूसरा एटम बम की गीदड़भभकी से भारत डरने वाला नहीं है। तीसरा, आतंक के आकाओं और आतंकी सरपरस्त सरकार को अलग अलग नहीं देखेंगे, उन्हें एक ही मानेंगे।"

पीएम मोदी ने कहा, "आतंकवादियों ने धर्म पूछकर हमारी बहनों की मांग का सिंदूर उजाड़ दिया था। वो गोलियां पहलगाम में चली थीं, लेकिन उन गोलियों से 140 करोड़ देशवासियों का सीना छलनी हुआ था।"

पीएम मोदी बोले, "पाकिस्तान एक बात भूल गया, अब मां भारती का सेवक मोदी यहां सीना तानकर खड़ा है। मोदी का दिमाग ठंडा है, ठंडा रहता है, लेकिन मोदी का लहू गर्म होता है। अब तो मोदी की नसों में लहू नहीं गर्म सिंदूर बह रहा है। हर आतंकी हमले की पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी और ये कीमत पाकिस्तान की सेना चुकाएगी। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था चुकाएगी।"

पीएम मोदी ने कहा, "आज आपके आशीर्वाद से, सेना के शौर्य से हम सब उस प्रण पर खरे उतरे हैं। हमारी सरकार ने तीनों सेनाओं ने ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान घुटने टेकने पर मजबूर हो गया।"

पीएम ने दुनिया को मैसेज देते हुए बताया, "हमने आतंकियों के सबसे बड़े ठिकाने तबाह कर दिए। दुनिया ने और देश के दुश्मनों ने भी देख लिया कि जब सिंदूर बारूद बन जाता है तो नतीजा क्या होता है।"

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "ये संयोग ही है कि पांच साल पहले जब बालाकोट में एयर स्ट्राइक की थी, तब मेरी पहली जनसभा राजस्थान में ही सीमा पर हुई थी। वीर भूमि का ही ये तप है कि ऐसा संयोग बन जाता है। अभी ऑपरेशन सिंदूर हुआ तो उसके बाद मेरी पहली जनसभा फिर यहां वीरभूमि राजस्थान की सीमा पर बीकानेर में आप सभी के बीच हो रही है। पूर्व में मैंने कहा था कि एयरस्ट्राइक के बाद जब आया था कि सौगंध मुझे इस मिट्टी की मैं देश नहीं मिटने दूंगा। मैं देश नहीं झुकने दूंगा।"

पीएम मोदी ने कहा, "यहीं से कुछ ही दूर सीमा पार पाकिस्तान का रहीमयार खान एयरबेस पता नहीं आगे कब खुलेगा। आईसीयू में पड़ा है। भारत की सेना के अचूक प्रहार ने इस एयरबेस को तहस नहस कर दिया है। पीएम मोदी ने अमेरिका को संदेश देते हुए कहा कि ये भारत का संकल्प है, दुनिया की कोई ताकत इस संकल्प से डिगा नहीं सकती है।"

पीएम मोदी बोले, "आज मैं राजस्थान की धरती से देशवासियों से बड़ी नम्रता के साथ कहना चाहता हूं- मैं देश के कोने कोने में जो तिरंगा यात्राओं का हुजूम चल रहा है। मैं देशवासियों से कहता हूं कि जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है। जो हिंदुस्तान का लहू बहाते थे, आज कतरे कतरे का हिसाब चुकाया है। जो सोचते थे भारत चुप रहेगा, आज वो घरों में दुबके पड़े हैं।"

पीएम मोदी ने ये भी कहा, "जो अपने हथियारों पर घमंड करते थे, आज वो मलबे के ढेर में दबे हुए हैं। ये शोध प्रतिशोध का खेल नहीं, ये न्याय का नया स्वरूप है। ये ऑपरेशन सिंदूर है। ये सिर्फ आक्रोश नहीं है, ये समस्त भारत का रौद्र रूप है।"

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख