मुंबई: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार तड़के कुर्ला के चिराग नगर इलाके में भूस्खलन से बड़ा हादसा हो गया। गौसिया चॉल, राठौड़ मेडिकल के पास पहाड़ का एक हिस्सा गिरने से कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 4 से 5 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही बीएमसी फायर ब्रिगेड, पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
तड़के मिली भूस्खलन की सूचना
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 3:48 बजे भूस्खलन की सूचना मिली। बताया गया कि रातभर हुई तेज बारिश के बीच चॉल के पास पहाड़ का हिस्सा अचानक गिर गया। मलबा गिरने से वहां मौजूद लोगों के दबे होने की आशंका पैदा हुई। इसके बाद बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए बीएमसी फायर ब्रिगेड, पुलिस, बिजली वितरण कंपनी, 108 एंबुलेंस और बीएमसी वार्ड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं।
मलबे को तेजी से हटाने का काम जारी है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। घटनास्थल से हादसे का वीडियो भी सामने आया है।
डीसीपी बोले- 4 से 5 लोगों के फंसे होने की आशंका
डीसीपी गणेश शिंदे ने बताया कि बारिश की वजह से घाटकोपर पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अशोकनगर इलाके में भूस्खलन हुआ है। उनके मुताबिक, अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं और करीब 4 से 5 लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की संभावना है। रेस्क्यू ऑपरेशन में बीएमसी, एनडीआरएफ और दूसरी एजेंसियों के अधिकारी तथा पुलिसकर्मी जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि घटना सुबह करीब 3 बजे हुई थी। राहत और बचाव अभियान लगातार चल रहा है और मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है। इस बीच BMC मेयर रितु तावड़े के भी घटनास्थल पर पहुंचने की जानकारी दी गई है।
पहले से जारी थी लोगों को सतर्क रहने की अपील
मुंबई में बारिश के मौसम को देखते हुए एनडीआरएफ और प्रशासन पहले ही ऐसे संवेदनशील इलाकों का दौरा कर लोगों को सावधान कर रहे हैं। लोगों से अपील की जाती रही है कि वे सतर्क रहें और ऐसे कमजोर या जोखिम वाले घरों में रहने से बचें। इसके बावजूद अवैध रूप से बने कई घरों में लोग रह रहे हैं। ऐसे मकान मजबूत नहीं होने के कारण भारी बारिश के दौरान ढहने का खतरा बना रहता है और अप्रिय घटनाएं हो सकती हैं।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने भी मुंबई में मानसूनी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई के उपनगरों में मंगलवार सुबह बारिश 2,000 मिमी के आंकड़े को पार कर गई थी। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए खतरा और बढ़ गया है।






