इंफाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर के चुराचांदपुर पहुंचे और वहां हिंसा से प्रभावित लोगों से मिले। उन्होंने प्रदेश में शांति, विकास और भरोसे का संदेश दिया। साथ ही भारत सरकार की मणिपुर के सामाजिक व आर्थिक विकास के लिए की जा रही कोशिशों को भी उजागर किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब मणिपुर का हर नागरिक विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और यह प्रदेश आशा की नई मिसाल बन रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर के नाम में ही 'मणि' है जो पूरे नॉर्थ ईस्ट की चमक को आगे ले जाएगा।
हिंसा के बाद पहली बार मणिपुर पहुंचकर पीएम मोदी ने की शांति की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मणिपुर में हिंसा ने इलाके को प्रभावित किया था, लेकिन अब सभी समुदाय शांति के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने सभी संगठन और समूहों से अपील की कि वे सामाजिक सद्भाव और आपसी समझ के साथ आगे बढ़ें। कई गुटों के बीच समझौते भी हो चुके हैं। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि भारत सरकार और मणिपुर सरकार विस्थापित लोगों को उचित स्थान पर बसाने के लिए मिलकर काम कर रही है।
पीएम मोदी ने मणिपुर के लोगों को 8,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात के तौर पर कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
पीएम मोदी ने मणिपुर में पहले मेडिकल कॉलेज, पर्याप्त बिजली, सड़क और रेलवे की कमी जैसी समस्याओं का जिक्र करते हुए बताया कि अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि मणिपुर तेजी से विकास कर रहा है और प्रदेश के हर कोने में विकास कार्य हो रहे हैं।
नई परियोजनाओं की शुरूआत
प्रधानमंत्री ने बताया कि 400 करोड़ रुपये की लागत से नया इंफाल एयरपोर्ट बना है। मणिपुर में रेलवे नेटवर्क का विकास हो रहा है। साथ ही, गांवों तक सड़कें पहुंचाई जा रही हैं ताकि हर नागरिक को सुगम संपर्क मिल सके। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि उन्होंने रोड से यात्रा करते समय लोगों का प्यार और अपनापन महसूस किया। उन्होंने कहा कि मणिपुर के लोगों का सम्मान करते हैं और हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।
विकसित भारत के निर्माण में मिजोरम का अहम योगदान: मोदी
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिजोरम, मणिपुर, असम, पश्चिम बंगाल और बिहार का दौरा कर रहे हैं। आज सबसे पहले पीएम मोदी ने मिजोरम के आइजोल में कई बड़ी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, जिनकी कुल लागत 9,000 करोड़ रुपये से अधिक है। पीएम मोदी ने मिजोरम को पहली बार भारतीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ने वाली नई बैराबी-सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन किया. अब आइजोल रेलवे नैप पर शामिल हो गया है। यह कदम मिजोरम के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए बहुत अहम है।
क्या कहा पीएम मोदी ने?
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'चाहे हमारे देश में हो या विदेश में, मुझे पूर्वोत्तर की सुंदर संस्कृति का राजदूत बनने में बहुत खुशी मिलती है। पूर्वोत्तर की संभावनाओं को दिखाने वाले मंचों को बढ़ावा देना बहुत जरूरी है। राइजिंग नॉर्थ ईस्ट समिट में मैं निवेशकों से पूर्वोत्तर की अपार संभावनाओं का लाभ उठाने का आग्रह करता हूं। यह समिट बड़े निवेश और परियोजनाओं के रास्ते खोल रहा है।'
पीएम मोदी ने आगे कहा, 'जब मैं 'वोकल फॉर लोकल' की बात करता हूं, तो इसका सीधा फायदा पूर्वोत्तर के कारीगरों और किसानों को भी होता है। मिजोरम के बांस उत्पाद, ऑर्गेनिक अदरक, हल्दी और केले पूरे देश में मशहूर हैं। हम लगातार लोगों की जीवनशैली और व्यापार को आसान बनाने के लिए कदम उठा रहे हैं। हाल ही में अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों की घोषणा की गई है. इसका मतलब है कई उत्पादों पर कम टैक्स लगना, जिससे परिवारों की जिंदगी आसान होगी।'






