चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार को कहा कि कावेरी जल विवाद को लेकर पड़ोसी राज्य कर्नाटक के साथ बातचीत का प्रस्ताव उन्होंने ही दिया था। उन्होंने कहा कि सकारात्मक नतीजे की उम्मीद को देखते हुए उन्होंने यह पहल की थी। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा कि वह कावेरी मुद्दे पर ओछी राजनीति में नहीं पड़ना चाहते।
सरकार कावेरी मुद्दे पर कानूनी रूप से निपटने के लिए दृढ़ है: सीएम विजय
कावेरी मुद्दा उठाने वाले विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को जवाब देते हुए विजय ने 1969 के बाद से तमिलनाडु द्वारा इस मुद्दे को निपटाने के तरीकों को रेखांकित किया जिसमें बातचीत पर विचार करने से लेकर कानूनी रास्ता अपनाने तक के कदम शामिल हैं। इस पृष्ठभूमि पर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार कावेरी मुद्दे पर कानूनी रूप से निपटने के लिए दृढ़ है।
हालांकि, मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि उन्होंने कावेरी मुद्दे पर बेंगलुरु जाने का विचार किया था ताकि कोई सकारात्मक परिणाम निकल सके।
सीएम विजय ने पीएम मोदी को लिखा खत
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर गोदावरी-कावेरी लिंक प्रोजेक्ट में तेजी लाने का आग्रह किया किया है। यह परियोजना तमिलनाडु की जल सुरक्षा के लिए बहुत ज़रूरी है और इसे राष्ट्रीय महत्व का दर्जा मिलना चाहिए। पीएम मोदी को सीएम विजय ने यह पत्र ऐसे वक्त पर लिखा है जब तमिलनाडु का कावेरी के पानी को लेकर कर्नाटक से विवाद चल रहा है। इतना ही नहीं वे मेकदातु परियोजना का भी विरोध कर रहे हैं।






