श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में शुक्रवार (25 जुलाई) को एलओसी के पास बारूदी सुरंग विस्फोट में एक अग्निवीर जवान की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। अग्निवीर ललित कुमार उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के रहने वाले थे।
अधिकारियों ने बताया कि कृष्णा घाटी के क्षेत्र में गश्त के दौरान एक बारूदी सुरंग में विस्फोट हुआ, जिसमें एक अग्निवीर जवान की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गये।
सेना ने इस हमले में टीआरएफ के एंगल का खंडन किया है। सेना के मुताबिक, पुंछ के एक अंदरूनी इलाके में गश्त के दौरान एक पुरानी लैंडलाइन में यह ब्लास्ट हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से एक जेसीओ है, जिसे सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है।
व्हाइट नाइट कोर ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "जीओसी व्हाइट नाइट कोर और सभी रैंक ने 7 जाट रेजिमेंट के अग्निवीर ललित कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने कृष्णा घाटी ब्रिगेड के क्षेत्र में गश्त के दौरान एक बारूदी सुरंग विस्फोट में सर्वोच्च बलिदान दिया।"
इसमें कहा गया है, "हम दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।"
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दी श्रद्धांजलि
वहीं जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 7 जाट रेजिमेंट के अग्निवीर ललित कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी।
एलजी सिन्हा ने कहा, "मैं अग्निवीर ललित कुमार को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना. इस दुख की घड़ी में राष्ट्र उनके साथ मजबूती से खड़ा है।"






