अहमदाबाद: अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी की मौत हो गई। गुरुवार (12 जून) को ये विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई पटेल एयरपोर्ट से लंदन जा रही थी। रुपाणी अपनी बेटी से मिलने के लिए लंदन जा रहे थे। गुजरात बीजेपी के चीफ सीआर पाटिल ने उनकी मौत पर शोक जताया है। सीआर पाटिल ने कहा कि वो अपने परिवार से मिलने के लिए जा रहे थे, वो इस हादसे का शिकार हो गए। भगवान उनकी भी आत्मा को शांति दे।
पूर्व सीएम विजय रूपाणी की पत्नी लंदन से और बेटा अमेरिका से अहमदाबाद के लिए निकले हैं। हादसे का शिकार इस विमान में 12 क्रू मेंबर्स सहित 242 लोग सवार थे।
हादसे में जिंदा बचा एक शख्स
हादसे में एक शख्स के जिंदा बचने की जानकारी अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने दी है। उन्होंने बताया कि शख्स का अस्पताल में इलाज जारी है।
ब्लैकबॉक्स की तलाश जारी
प्लेन उड़ान भरने के चंद मिनट में ही एक बिल्डिंग पर जा गिरा और क्रैश हो गया। 242 लोगों में 169 भारतीय, 7 पुर्तगाली, 53 ब्रिटिश और एक कनाडाई नागिरक प्लेन में सवार थे। अहमदाबाद के मेघाणी नगर इलाके में ये हादसा हुआ जो एयरपोर्ट से कुछ ही दूरी पर स्थित है। पायलट ने मेडे मेडे कॉल किया. ये आपात स्थिति में किया जाने वाला कॉल है। विमान क्यों दुर्घटना का शिकार हुआ इसका खुलासा ब्लैकबॉक्स से होगा। ब्लैकबॉक्स में विमान से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी रिकॉर्ड रहती है।
पायलट इन कमांड सुमित सभरवाल थे
इस विमान के पायलट इन कमांड सुमित सभरवाल और को पायलट क्लाइव कुंदर थे। विमान ने दोपहर 1.38 पर उड़ान भरी और 1.43 पर क्रैश हो गया। सभरवाल के पास 8200 घंटे की उड़ान का अनुभव था, जबकि कुंदर के पास 1100 घंटे की उड़ान का अनुभव था। प्लेन ने रनवे 23 से उड़ान भरी थी।
जिस अस्पताल के हॉस्टल पर विमान क्रैश हुआ वहां भी कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। विमान हादसे के बाद मलबे से घायल लोगों का इलाज जारी है। राहत और बचाव कार्य में टीमें लगी हुई हैं। देश और दुनिया के नेताओं ने इस हादसे पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।






