
अहमदाबाद/तिरुवनंतपुरम: इंडिगो एयरलाइंस का परिचालन संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है और यात्रियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार सुबह भी हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ते दिखे। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सुबह 6 बजे तक 19 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिससे सैकड़ों यात्री फंस गए। देश के बाकी हवाई अड्डों की तस्वीर भी अलग नहीं है। तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर छह घरेलू उड़ानें रद्द होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। कुल मिलाकर, इंडिगो का यह परिचालन संकट देशभर में हवाई यात्रा को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है।
दिल्ली एयरपोर्ट से भी आई एडवाइजरी
इस बीच दिल्ली एयरपोर्ट ने एडवाइजरी जारी की है और कहा है कि "हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि थोड़ी देर की रुकावट के बाद इंडिगो की फ्लाइट ऑपरेशन अब धीरे-धीरे फिर से शुरू हो रहे हैं और नॉर्मल हो रहे हैं। कृपया घर से निकलने से पहले अपनी बुकिंग और फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लें।"
इससे पहले भारी दबाव के बीच मोदी सरकार को आखिरकार अपने ही फैसले पर यू-टर्न लेना पड़ा। नागर विमानन महानिदेशालय यानी डीजीसीए ने शुक्रवार को पायलट ड्यूटी नियमों में तत्काल प्रभाव से राहत का ऐलान कर दिया, आपको बता दें, ये वही नियम है, जिसे सरकार ने कुछ ही समय पहले यात्रियों की सुरक्षा और पायलटों की सेहत को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया था।
सरकार का यू-टर्न!
विमान नियामक ने इस बढ़ते संकट को नियंत्रित करने के लिए अब अपने ताजा नोटिफिकेशन में उस नियम में छूट देने की घोषणा की है, जिसमें एयरलाइनों को पायलट के साप्ताहिक आराम के साथ छुट्टी को जोड़ने से रोक दिया गया था। इससे पहले डीजीसीए ने अपने आदेश में कहा था कि साप्ताहिक आराम को छुट्टी के साथ प्रतिस्थापित नहीं किया जा सकता है। नए नोटिफिकेशन में डीजीसीए ने कहा कि मौजूदा समय में कई एयरलाइन के परिचालन में आ रही परेशानियों एवं समस्याओं के देखते हुए और ऑपरेशंस में निरंतरता और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रावधान के रिव्यू को जरूरी समझा गया है। नियामक ने आगे कहा, "एयरलाइनों को पायलट के साप्ताहिक आराम के साथ छुट्टी को जोड़ने से रोकने के आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है।"






