ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

कीव: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा क‍िया क‍ि रूसी राष्‍ट्रपत‍ि व्लादिमीर पुत‍िन जल्‍द ही एक बड़ी सैन्‍य भर्ती करने वाले हैं। लोगों के व‍िरोध के बाद भी पुत‍िन बड़ी संख्‍या में लोगों को सीधे युद्ध के मैदान में भेजने वाले हैं। अगर वो ऐसा करने में काम‍याब होते हैं तो बड़ी संख्‍या में लोगों की जान जाएगी।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''पुतिन इस युद्ध को रोकने के लिए तैयार नहीं हैं। हमारी खुफिया जानकारी के मुताबिक, वह नई सैन्य भर्ती (मोबिलाइजेशन) की तैयारी कर रहे हैं। उनका इरादा है कि 21 सितंबर को होने वाले ड्यूमा चुनावों के बाद यह कदम उठाया जाए। वह सैनिकों की भर्ती बढ़ाना चाहते हैं। वह इसे खुलकर नहीं करेंगे क्योंकि उन्हें अपने ही लोगों की प्रतिक्रिया का डर है। जेलेंस्‍की ने कहा क‍ि अगर हम उनकी सप्लाई, हथियार, पेट्रोल और डीजल की व्यवस्था में रुकावट नहीं डाल पाए और अगर हमारे सहयोगी उनके हमले के खिलाफ पूरी तरह से कड़े प्रतिबंध नहीं लगाते हैं तो वह अक्टूबर की शुरुआत में ऐसा करेंगे।

उन्‍होंने कहा क‍ि यह एक बड़ी समस्या बन सकती है क्योंकि उनका लक्ष्य करीब तीन लाख से पांच लाख लोगों को सेना में भर्ती करना है। उनके लिए इतनी बड़ी संख्या में लोगों को भर्ती करना कोई बहुत मुश्किल काम नहीं है। हालांकि, इस फैसले को लेकर उनके देश के अंदर सवाल जरूर उठेंगे। मैंने जो सर्वे देखे हैं, उनके मुताबिक रूस के ज्‍यादातर लोग नई भर्ती के खिलाफ हैं। काफी लोग इसके भी खिलाफ हैं लेकिन फिर भी वे पुतिन का समर्थन करते हैं।

जेलेंस्‍की ने कहा क‍ि वह इतने सारे लोगों को कम समय में अच्छी तरह ट्रेनिंग नहीं दे पाएंगे। इसका मतलब है कि पहले की तरह वह कम ट्रेनिंग पाए हुए लोगों को ही सीधे युद्ध के मैदान में भेजेंगे। इसका नतीजा यह होगा कि बड़ी संख्या में लोगों की जान जाएगी।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख