इस्लामाबाद: पाकिस्तान के स्वात जिले में पुलिस स्टेशन के बाहर हुए आत्मघाती बम धमाके में 7 लोगों की मौत हो गई है और 18 घायल हो गए हैं। स्वात जिले के पुलिस अधिकारी उमर खान ने 'डॉन न्यूज' को बताया कि जब पुलिसकर्मियों ने स्टेशन के गेट पर हमलावर को रोकने और उसकी तलाशी लेने की कोशिश की, तो उसने विस्फोटक में धमाका कर दिया।
सुरक्षाबलों ने धमाके की जांच शुरू की
सुरक्षाबलों ने तुरंत इस इलाके की घेराबंदी कर दी और जांच शुरू कर दी। यह धमाका पुलिस स्टेशन के पास तब हुआ जब सैकड़ों लोग स्वात घाटी में हाल ही में बढ़े आतंकवाद के विरोध में पास के काबल चौक पर प्रदर्शन कर रहे थे।
धमाके से मची अफरातफरी
घायलों को इलाज के लिए सैदु शरीफ टीचिंग हॉस्पिटल ले जाया गया। धमाके से प्रदर्शनकारियों में अफरातफरी मच गई और किसी भी गुट ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, धमाका आत्मघाती हमले जैसा लग रहा था। हालांकि, अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह रैली स्थानीय आदिवासी परिषद 'स्वात अमन जिरगा' ने आयोजित की थी। इसमें शामिल लोग नारे लगा रहे थे। प्लेकार्ड लेकर इलाके में शांति की मांग कर रहे थे।
पिछले कुछ वक्त से इलाके के सुरक्षा हालात बिगड़े हुए हैं
पिछले कुछ दिनों से इस इलाके में सुरक्षा हालात बिगड़े हुए हैं। अब इस धमाके ने और सवाल खड़े कर दिए हैं। बचाव दलों ने घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर दी। घायलों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया है। वहीं, धमाके में मारे गए लोगों की भी शिनाख्त की जा रही है।






