मुंबई: घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही। वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ने के बीच आईटी और चुनिंदा बैंक शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 245 अंक टूटा जबकि निफ्टी में 66 अंक की गिरावट आई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और शुल्क संबंधी नई अनिश्चितताओं ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 244.98 अंक यानी 0.29 प्रतिशत टूटकर 83,382.71 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 442.49 अंक यानी 0.52 प्रतिशत फिसलकर 83,185.20 अंक पर आ गया था।
एनएसई निफ्टी 66.70 अंक यानी 0.26 प्रतिशत फिसलकर 25,665.60 अंक पर बंद हुआ।सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एशियन पेंट्स, मारुति, सन फार्मा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
दूसरी ओर टाटा स्टील, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में तेजी रही।
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए जबकि चीन का एसएसई कम्पोजिट नुकसान में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में बढ़त का रुख था। वहीं अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।






