ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल आज (शुक्रवार) सरकारी प्रसारकों- दूरदर्शन एवं आकाशवाणी का संचालन करने वाले प्रसार भारती बोर्ड की अंशकालिक सदस्य नियुक्त की गयीं। सूत्रों ने बताया कि ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘बाजीगर’, ‘कुछ कुछ होता है’ आदि फिल्मों में अपने अभिनय के लिए चर्चित अभिनेत्री नवंबर, 2021 तक बोर्ड की अंशकालिक सदस्य होंगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘आशा की जाती है कि काजोल 24 फरवरी को प्रसार भारती बोर्ड की अगली बैठक में मौजूद रहेंगी। ’’ इस बैठक में जो अहम मुद्दे चर्चा का विषय होंगे उनमें दूरदर्शन और आकाशवाणी के महानिदेशकों की नियुक्ति हैं। इन पदों पर पिछले करीब साल भर से अंतरिम प्रमुख हैं। हाल ही में दूरदर्शन के अंतरिम प्रमुख सी लालरोसंगा ने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना त्यागपत्र दे दिया था। सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने बोर्ड में काजोल के अलावा शशि शेखर वेमपति को भी नियुक्त किया है जो एक ऑनलाइन मीडिया कंपनी के प्रमुख हैं।

पहले उपराष्ट्रपति एम हामिद अंसारी की अध्यक्षता में सूचना एवं प्रसारण सचिव सुनील अरोड़ा एवं भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (अवकाशप्राप्त) सी के प्रसाद वाली समिति ने काजोल और शशि शेखर वेमपति को प्रसार भारती के रिक्त पदों के लिए चुना था। मंत्रालय ने समिति के पास करीब 7-8 नाम भेजे थे जिनमें से उनका चयन किया। प्रसार भारती अधिनियम के तहत इस जनप्रसारक में उसके बोर्ड में छह अंशकालिक सदस्य होने चाहिए जिसकी अगुवाई उसके अध्यक्ष करेंगे।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख