ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

कोलकाता: कोलकाता के नीलरतन सरकार (एनआरएस) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स रूपाली बर्मन का शव अस्पताल के शौचालय में मिला। रूपाली रात करीब 8 बजे नाइट शिफ्ट के लिए अस्पताल पहुंची थीं। ड्यूटी के दौरान रात 9 से 10 बजे के बीच वह शौचालय गईं, लेकिन फिर बाहर नहीं आईं। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर सहकर्मियों ने पुलिस को खबर की। एंटाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और बंद दरवाजा तोड़कर अंदर से उनका शव बरामद किया।

शौचालय का दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव

रूपाली के शौचालय जाने के बाद जब काफी समय तक वह वापस नहीं लौटीं तो सहकर्मियों ने पहले आवाज लगाई। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उनकी चिंता बढ़ गई। अस्पताल कर्मियों की सूचना पर पुलिस पहुंची और दरवाजे के बाहर से भी आवाज देकर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की। जब अंदर से कोई जवाब नहीं आया तो पुलिस ने दरवाजा तोड़ दिया। शव मिलने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का कारण

पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि नर्स की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में पुख्ता जानकारी मिल सकेगी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कर्मचारियों और मरीजों के बीच भी बेचैनी का माहौल बन गया।

मामले की जांच को आगे बढ़ाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाएगी। पुलिस अस्पताल में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ड्यूटी के दौरान रूपाली की गतिविधियां कैसी थीं।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया

कोलकाता पुलिस के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम) कुणाल अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी रात करीब 10:30 बजे मिली। उन्होंने बताया कि रूपाली बर्मन अस्पताल के गायनी विभाग में नर्स के तौर पर काम करती थीं। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और कोलकाता पुलिस के डीडी होमिसाइड विभाग ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है।

कुणाल अग्रवाल के मुताबिक, अब तक की जांच में आत्महत्या का कोई सबूत नहीं मिला है। फोरेंसिक टीम मौके पर जांच करेगी और पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी देख रही है। इसके अलावा अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों से मिली जानकारी और दूसरे साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस की जांच का फोकस नर्स की मौत की वजह पता करने पर है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज से मिलने वाली जानकारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शौचालय के अंदर उस रात वास्तव में क्या हुआ था।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख