चेन्नई: तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने खुद को और मजबूत किया है। एनडीए में पट्टालि मक्कल काची (पीएमके) का डॉ. अंबुमणि रामदॉस गुट शामिल हुआ है। राज्य में इसी साल मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने हैं। गुट ने एनडीए में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के प्रमुख ई. पलानीसामी से मुलाकात करने के बाद बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने का फैसला लिया।
राज्य में एनडीए का नेतृत्व अन्नाद्रमुक कर रही
तमिलनाडु में राजग का नेतृत्व अन्नाद्रमुक कर रही है। डॉ. अंबुमणि ने पलानीसामी के घर जाकर उनसे मुलाकात की और औपचारिक रूप से गठबंधन में शामिल होने की घोषणा की। इस गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी शामिल है। पलानीसामी ने कहा, 'पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) अब हमारे गठबंधन में शामिल हो गई है। जल्द ही और पार्टियां भी इसमें जुड़ेंगी।' उन्होंने कहा कि पीएमके को कितनी सीट मिलेंगी, इसका फैसला हो चुका है और जल्द इसकी जानकारी दी जाएगी।
एनडीए में शामिल होने का फैसला लिया
डॉ. अंबुमणि ने कहा कि उन्होंने ‘जनविरोधी’ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार को हराने के लिए एनडीए में शामिल होने का फैसला लिया। अंबुमणि ने कहा, ‘हम तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे और हम निसंदेह सत्ता में आएंगे क्योंकि राज्य के लोग सत्ताधारी दल द्रमुक से बहुत नाराज हैं। हमारा गठबंधन भारी बहुमत से सत्ता में आएगा।’ अंबुमणि ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘अन्नाद्रमुक के साथ हमारा गठबंधन स्वाभाविक है।’ उन्होंने कहा कि द्रमुक के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर मजबूत है।
2024 के लोकसभा चुनाव में भी राजग का हिस्सा थी पीएमके
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘द्रमुक ने तमिलनाडु में पिछले तीन चुनाव (2019 और 2014 के लोकसभा चुनावों सहित) इसलिए जीते क्योंकि विपक्ष बिखरा हुआ था। अब हमारे पास अन्नाद्रमुक के नेतृत्व में एक मजबूत विपक्ष है तथा अधिक पार्टियां हमसे जुड़ेंगी।’ पीएमके इस समय दो धड़ों में बंटी हुई है, जिसमें से एक धड़ा इसके संस्थापक डॉ. एस. रामदॉस जबकि दूसरा उनके बेटे डॉ. अंबुमणि का है तथा दोनों के बीच लंबे समय से नेतृत्व को लेकर मतभेद जारी हैं। पीएमके 2024 के लोकसभा चुनाव में भी राजग का हिस्सा थी। तमिलनाडु में 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए इस साल मार्च-अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है।






