नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने झारखंड में छात्र प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज की मंगलवार को निंदा की और छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के प्रति एकजुटता प्रकट की। सीजेपी ने एक बयान में बताया कि दीपके ने वीडियो कॉल पर अस्पताल में भर्ती महतो से बात की थी। संगठन का दावा है कि पुलिस की कार्रवाई से पहले महतो नौ दिन की भूख हड़ताल पर थे और कथित लाठीचार्ज के बाद उनकी हालत बिगड़ गई थी।
सीजेपी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान चोट लगने और सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद महतो को अस्पताल में भर्ती कराया गया और सांस लेने में मदद के लिए ऑक्सीजन दिया गया। आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई का निशाना शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में शामिल छात्र थे। कॉजपा ने कहा कि वीडियो कॉल के दौरान महतो ने पुलिस की कार्रवाई और उन हालात के बारे में बताया जिनकी वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।
'ये लोग बेशर्म हैं', प्रतुल शाह का हेमंत सरकार पर हमला
रांची में 'विधानसभा घेराव' मार्च के दौरान छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई पर बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा, "ये लोग बेशर्म हैं। यहां की सरकार दावा कर रही है कि पुलिस ने संयम बरता। अब तक हमने सिर्फ चोरों को रात में हाथ की सफाई दिखाते देखा था, लेकिन चौथी बार, अपने हक़ की मांग कर रहे बेगुनाह छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। उस समय अंधेरा हो चुका था और अंधेरे में छात्रों पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया गया। उनके कपड़े फाड़ दिए गए।"
जयपाल मुंडा स्टेडियम में छात्रों का प्रदर्शन जारी
खूंटी के प्रदर्शनकारी गिरधारी महतो ने कहा, "9 अगस्त को मैंने खूंटी जिले में बिरसा मुंडा की मूर्ति पर माला चढ़ाई और दोपहर करीब 12 बजे भूख हड़ताल करते हुए पैदल मार्च शुरू किया। मैं 10 अगस्त को सुबह करीब 10:30-11 बजे यहां पहुंचा। कल, मैंने भूख हड़ताल जारी रखते हुए विधानसभा मार्च में हिस्सा लिया। भूख हड़ताल किसी भी नागरिक के लिए विरोध का एक आखिरी तरीका होता है। मैं भी भूख हड़ताल पर था, लेकिन कल छात्रों के साथ जैसा बर्ताव किया गया, उससे लगता है कि झारखंड सरकार तानाशाह हो गई है। वह छात्रों की जायज़ मांगों को नज़रअंदाज़ कर रही है।"






