खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में बड़ा हादसा हो गया। नवरात्र उत्सव के बाद माता की प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया पार करते समय तालाब में गिर गई। यह हादसा पंधाना थाना क्षेत्र के जामली गांव में हुआ। शुरू में पांच मौतों की खबर आई थी, लेकिन अब मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो चुकी है। सभी शवों को पंधाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जा रहा है। फिलहाल घटना स्थल पर रेस्क्यू अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक खंडवा जिले के पंधाना क्षेत्र के ग्राम अर्दला और जामली से आए 20–25 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर तालाब पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि ट्रॉली पर जरूरत से ज्यादा लोग बैठे थे। पुलिया पर खड़ी होने के दौरान संतुलन बिगड़ने से ट्रॉली पलटकर तालाब में गिर गई।
इस दर्दनाक हादसे में अब तक 11 लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 8 बच्चियां शामिल हैं। करीब 20–25 लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है।
जेसीबी की मदद से ट्रॉली को बाहर निकाल लिया गया है और प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद है। फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
इंदौर (ग्रामीण) रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अनुराग ने बताया कि यह हादसा तब हुआ, जब पंधाना क्षेत्र में दुर्गा देवी की मूर्तियों को विसर्जन के लिए जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली श्रद्धालुओं समेत तालाब में पलट गई।
उन्होंने बताया, ‘‘अब तक तालाब से नौ श्रद्धालुओं के शव निकाले जा चुके हैं. पुलिस और प्रशासन के साथ ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान जारी है। एसडीआरएफ के एक और दल को मौके पर भेजा गया है।''
पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार श्रद्धालु ग्रामीण क्षेत्र के अलग-अलग पंडालों में नवदुर्गा उत्सव के दौरान स्थापित मूर्तियों को तालाब में विसर्जित करने जा रहे थे। उन्होंने बताया,‘‘हमें पता चला है कि हादसे के बाद पांच-छह श्रद्धालु तालाब से जीवित बाहर आ गए।'' पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि हादसे के कारण का पता लगाया जा रहा है।
सीएम मोहन यादव ने जताया दुख
खंडवा की घटना पर मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट करते हुए दुख जताया है। उन्होंने लिखा- खंडवा के ग्राम जामली और उज्जैन के समीप इंगोरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं। शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख का मुआवजा
सीएम ने मृतकों के निकटतम परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि तथा घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। देवी मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और शोक संतप्त परिजनों को संबल हेतु प्रार्थना है।






