ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। सुबह-सुबह राजधानी में घना कोहरे से विजिबिलिटी काफी कम नजर आई। एक ओर तेज़ ठंड, तो दूसरी ओर बढ़ते प्रदूषण ने दिल्लीवासियों की हालत खराब कर दी है। बिगड़ते मौसम और जहरीली हवा के चलते लोगों को सांस संबंधी समेत कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आज भी दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया है, जो बेहद गंभीर श्रेणी में आता है।

दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 डिग्री, न्यूनतम 8 डिग्री रह सकता है

तापमान की बात करें तो राजधानी में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि, अगले दो दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। 21 और 22 जनवरी को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, दिल्ली की हवा में घुला ज़हर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सुबह 6 बजे दिल्ली का ओवरऑल एक्यूआई 397 दर्ज किया गया।

राजधानी के सभी मॉनिटरिंग स्टेशन रेड जोन में बने हुए हैं। आनंद विहार और अशोक विहार में एक्यूआई 444, बवाना में 418 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 416 दर्ज किया गया है।

इन इलाकों में भी एक्यूआई 400 पार

इसके अलावा चांदनी चौक (412), कर्णी सिंह (405), आईटीओ (414), जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (444), मुंडका (437), पंजाबी बाग (437), रोहिणी (440), विवेक विहार (436) और वजीरपुर (446) जैसे इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर खतरनाक बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक 23 जनवरी से दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दिन से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के बाद तापमान में फिर से गिरावट आने के आसार हैं।

आमतौर पर बारिश के बाद ठंड और बढ़ जाती है, ऐसे में दिल्ली में ठंड के और तेज़ होने की संभावना है। फिलहाल राजधानी में बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख