aतिरूवनंतपुरम: राहुल गांधी ने आज (बुधवार) केरल में कांग्रेस नेताओं से कहा कि अपने मतभेद भुलाकर आगामी विधानसभा चुनावों में एकजुट होकर लड़ें। वहीं राज्य के पार्टी नेताओं ने कांग्रेस उपाध्यक्ष से कहा है कि पश्चिम बंगाल में माकपा के साथ गठबंधन नहीं करें। माकपा को अलग-थलग रखने के लिए केपीसीसी की कार्यकारिणी की बैठक में राहुल गांधी और सभी वरिष्ठ नेता शामिल हुए और वक्ताओं ने वामपंथी दल को ‘‘अविश्वसनीय’’ करार दिया और उस पर हिंसा की राजनीति करने के आरोप लगाए। बहरहाल राहुल ने अपने भाषण में इस विषय पर कुछ नहीं कहा बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को स्पष्ट संकेत दिए कि राज्य इकाई में अंदरूनी संघर्ष और कलह को खत्म करें। पश्चिम बंगाल में माकपा नेता ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस को बाहर करने के लिए कांग्रेस से गठबंधन पर जोर दे रहे हैं वहीं प्रदेश कांग्रेस के नेता इस मुद्दे पर एकजुट नहीं हैं।
राहुल ने केरल में कांग्रेस नेताओं से कहा कि अपने मतभेद भुलाकर विधानसभा चुनाव लड़ें और कहा कि यह समय ‘आपस में लड़ाई का नहीं है।’ राज्य में यूडीएफ के सत्ता में बने रहने का विश्वास जताते हुए राहुल ने कहा कि केवल एक बात है-- ‘माकपा कांग्रेस को नहीं हरा सकती, कांग्रेस ही कांग्रेस पार्टी को हरा सकती है।’ केरल में पश्चिम बंगाल के साथ ही विधानसभा चुनाव होने हैं। राहुल ने कहा, ‘राज्य में वरिष्ठ नेता काफी प्रतिभासंपन्न हैं। एक के पास जो नहीं है वह दूसरे के पास है। वे एकजुट होकर काफी शक्तिशाली हैं। उनकी अपनी शक्तियां और कमजोरियां हैं। उन्हें एकजुट रहना होगा।’ राहुल गांधी ने कहा, ‘एक-दो महीने के लिए एकजुट हो जाएं’ और आगामी विधानसभा चुनावों में राज्य में कांग्रेस का शासन फिर से आने दीजिए। केपीसीसी के अध्यक्ष वी. एम. सुधीरन और उपाध्यक्ष एम एम हसन ने अपने संबोधन में माकपा पर प्रहार किया और कहा कि वामपंथी दल हिंसा की राजनीति कर रहे हैं। सुधीरन ने कांग्रेस नेताओं को बिहार चुनावों में माकपा की ‘असंवेदनशीलता’ को याद दिलाया जहां उन्होंने महागठबंधन से लड़ने के लिए तीसरे मोर्चे का गठन किया और ‘धर्मनिरपेक्ष’ वोटों का बंटवारा किया। उन्होंने कहा, ‘इससे भाजपा कुछ सीटों पर जीत हासिल करने में सफल रही।’ हसन ने राहुल से आग्रह किया कि माकपा से गठबंधन नहीं करें और कहा, ‘माकपा अविश्वसनीय पार्टी है।’ उन्होंने कहा, ‘सांप्रदायिकता के खिलाफ उनकी लड़ाई गंभीर नहीं है। माकपा अवसरवादियों की पार्टी है।’ बैठक में पूर्व रक्षा मंत्री और सीडब्ल्यूसी सदस्य ए के एंटनी, मुख्यमंत्री ओम्मन चांडी, पीसीसी अध्यक्ष वी एम सुधीरन और कांग्रेस के केरल मामलों के प्रभारी महासचिव मुकुल वासनिक ने हिस्सा लिया।






