ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश के धार जिले में स्थित विवादित भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद स्थल पर शुक्रवार को बसंत पंचमी के दिन सूर्योदय से सूर्यास्त तक हिंदुओं को पूजा-अर्चना करने, जबकि मुसलमानों को उसी दिन दोपहर एक बजे से तीन बजे तक नमाज अदा करने की अनुमति दी है। साथ ही न्यायालय ने यह भी निर्देश दिया कि नमाज के लिए आने वाले मुस्लिम समुदाय के लोगों की सूची जिला प्रशासन को दी जाए। इसके लिए प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

एएसआई सर्वेक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक करे हाईकोर्ट: सुप्रीम कोर्ट 

इसके अलावा उच्चतम न्यायालय ने मौलाना कमालुद्दीन वेलफेयर सोसाइटी द्वारा दायर उस अपील का भी निस्तारण कर दिया, जिसमें परिसर के वैज्ञानिक सर्वेक्षण संबंधी मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के 11 मार्च 2024 के आदेश को चुनौती दी गई थी। उच्चतम न्यायालय ने उच्च न्यायालय को निर्देश दिया कि इस मामले की सुनवाई उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीशों में से किसी एक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ द्वारा की जाए।

नई दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर पर प्रेस ब्रीफिंग करने वाली भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा दिए गए विवादित बयान के मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया। शीर्ष अदालत ने मध्य प्रदेश सरकार से कहा है कि वह विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए आवश्यक मंजूरी देने पर दो सप्ताह के भीतर विचार करे।

सुप्रीम कोर्ट का मध्य प्रदेश सरकार को आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि इस मामले में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि निचली अदालत में मामला लंबित होने के बावजूद राज्य सरकार की ओर से अब तक जरूरी कानूनी अनुमति नहीं दी गई है। अदालत ने राज्य सरकार को इस पर जल्द निर्णय लेने का निर्देश दिया। मामले पर सुनवाई के दौरान विजय शाह की ओर से पेश वकील ने कहा मंत्री विजय शाह इस पूरे मामले पर पहले ही माफी मांग चुके हैं, इसलिए मामले को खत्म समझा जाना चाहिए। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इस तर्क को सिरे से खारिज कर दिया।

इंदौर: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे, जहां उन्होंने दूषित पानी पीने से बीमार हुए मरीजों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में हाल ही में उल्टी और दस्त की समस्या फैल गई थी, जो दूषित पानी से जुड़ी बताई जा रही है। इस घटना में कई लोग बीमार हुए और कई की मौत हो गई।

राहुल ने इंदौर में दूषित पानी के शिकार भागीरथपुरा इलाके का किया दौरा

राहुल गांधी सुबह 9:30 बजे दिल्ली से विशेष विमान से रवाना हुए और लगभग 11:00 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद वह सीधे बॉम्बे अस्पताल गए, जहां उन्होंने गंभीर हालत में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बात की और उनकी स्थिति का जायजा लिया। राहुल गांधी ने अस्पताल में पीड़ितों से मुलाकात करते हुए कहा, "जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें सरकार में जिम्मेदारी निभानी चाहिए। यह सरकार की लापरवाही की वजह से हुआ है।" इसके बाद राहुल गांधी ने भागीरथपुरा इलाके का दौरा किया, जहां उन्होंने उन परिवारों से मुलाकात की जिन्होंने इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया।

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 17 जनवरी को देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर का दौरा करेंगे और वहां पिछले महीने दूषित पेयजल के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगे और अपनी संवेदना व्यक्त करेंगे। प्रशासन ने शहर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप से अब तक छह लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है, जबकि स्थानीय नागरिकों ने छह माह के बच्चे समेत 23 मरीजों के दम तोड़ने का दावा किया है।

कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई ने ‘एक्स’ पर राहुल गांधी के दौरे की जानकारी देते हुए कहा, “नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जनवरी को इंदौर के दौरे पर आएंगे और शहर में दूषित पानी पीने से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से भेंटकर संवेदना व्यक्त करेंगे।”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी का 17 जनवरी को इंदौर आगमन पीड़ित परिवारों और शहरवासियों को संबल, संवेदना और न्याय की उम्मीद देगा।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख