ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

टेकनपुर (मध्य प्रदेश): उग्रवादियों से मुकाबला करते हुए अपनी आंखों की रोशनी गंवाने वाले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारी के शनिवार को आश्चर्य का ठिकाना नहीं रहा जब केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह उनसे मिलने पहुंचे और उनके परिवार के साथ भोजन भी किया। सिंह यहां एक पासिंग आउट समारोह में शामिल होने आए थे। बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें सहायक कमांडेंट संदीप मिश्रा और उनकी पत्नी इंद्राक्षी के बारे में बताया। संदीप मिश्रा की 2000 में असम में उग्रवादियों के हमले में आंखों की रोशनी चली गई थी। उसके चार साल बाद दोनों की शादी हुयी थी। मिश्रा की एक बेटी है जो नौ साल की है। दिल को छू लेने वाली पहल करते हुए गृह मंत्री सीमा सुरक्षा बल परिसर में स्थित मिश्रा के घर गए। उन्होंने अधिकारी के साहस की सराहना की। उन्होंने परिवार के साथ भोजन के अनुरोध को खुशीपूर्वक स्वीकार कर लिया। सिंह ने कहा कि उन्होंने दृष्टिबाधित बीएसएफ सहायक कमाडेंट संदीप मिश्रा के परिवार से मुलाकात की। सिंह ने कहा कि यह देश के प्रति उनका प्यार है जो संदीप और इंद्राक्षी को एकसाथ जोड़ता है। टेकनपुर में उनके घर में भोजन कर काफी प्रसन्नता हुई। गृह मंत्री करीब एक घंटा मिश्रा और उनके परिवार के साथ रहे।

भोपाल: विश्व के कई हिस्सों में धार्मिक आस्थाओं के बीच संघर्ष की पृष्ठभूमि में तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने धार्मिक सौहार्द, समरसता एवं धर्मनिरपेक्षता की हिमायत करते हुए रविवार को कहा कि विश्व में भारत ही सर्वधर्म वाला देश है और यहां के लोगों को इसे दुनिया को दिखाने की जरूरत है। उन्होंने हालांकि कहा, ‘भारत में सभी धर्मो के लोग शांतिपूर्वक रहते हैं। कभी-कभी राजनीतिज्ञों के कारण यहां कुछ समस्याएं हो जाती हैं।’ ‘आनंदित रहने की कला’ पर उद्बोधन करते हुए 82 वर्षीय दलाई लामा ने यहां कहा, ‘भारत सर्वधर्म पर रहने वाला देश है। भारत के भाई-बहनों के लिए अब समय आ गया है कि वे भारत के सर्वधर्म, धार्मिक सौहार्द एवं समरसता को दुनिया को दिखाएं। दुनिया को दिखायें कि आपके (भारत के) पास एक खास चीज है।’ उन्होंने कहा, ‘वर्षों से भारत में करणा एवं प्रेम रहा है। यदि आप करुणा एवं प्रेम से रहेंगे, तो दुनिया में कहीं भी रहेंगे, निश्चित रूप से सुखी रहेंगे।’ दलाई लामा ने कहा, ‘सभी धर्मो का मूलमंत्र प्रेम एवं करणा है। उन्होंने कहा कि आज की दुनिया में सात अरब के आसपास लोग किसी न किसी आपदाओं या ऐसी समस्याओं से जूझ रहे हैं जो हमारे नियंत्रण में नहीं हैं।

शाजापुर (मध्य प्रदेश): भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन के जनरल कोच में आज (मंगलवार) सुबह हल्का धमाका होने से 7 यात्री घायल हो गए। यह घटना भोपाल-उज्जैन रेलखंड के कालापीपल एवं सीहोर रेलवे स्टेशन के बीच हुई। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के प्रवक्ता जितेन्द्र कुमार जयंत ने बताया कि भोपाल से उज्जैन जा रही पैंसेजर ट्रेन के जनरल कोच में आज सुबह 9.30 से 10 बजे के बीच हल्का धमाका हुआ। मध्य प्रदेश के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह का कहना है कि धमाके में गन पाउडर की गंध आने की खबर है, जिसकी जांच जारी है। मध्यप्रदेश सरकार ने घायलों के लिए 25 हजार और गंभीर रूप से घायल यात्रियों के लिए 50 हजार रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि एसपी कलेक्टर घटनास्थल पर पहुंच चुके है। उन्होंने कहा कि डीजी की देखरेख में एटीएस और फॉरेंसिक की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। दिल्ली रेलवे के पीआरओ अनिल सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच कर जा रही है कि यह हादसा किन कारणों से हुआ। आरपीएफ और फॉरेंसिक एक्सपर्ट घटनास्थल पर पहुंच सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस धमाके से कुछ रेल यात्री घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि विस्फोट में घायल सात लोगों को कालापीपल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जयंत ने बताया कि उज्जैन से पश्चिमी रेलवे का मेडिकल राहत वाहन मौके पर पहुंच गया है। भोपाल से दुर्घटना राहत वाहन भी घटनास्थल की ओर रवाना किया गया है।

नई दिल्ली: मध्‍य प्रदेश के दमोह में भारतीय स्‍टेट बैंक के एटीएम से बिना नंबर के 500 रुपए के नोट निकलने हड़कंप मच गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एमपी के दमोह में एटीएम से जैसे ही 500 रुपए के नोट बिना नंबर के नोट निकलने लगे तो अफरातफरी मच गई। बाद में मौके पर पुलिस पहुंची और उसने एटीएम को बंद करवाया। दमोह में अस्‍पताल चौक के पास स्थित भारतीय स्‍टेट बैंक के एटीएम से सोमवार को एक शख्‍स पैसा निकालने गए थे। शख्स ने एटीएम से 1000 रुपए निकाले के लिए एटीएम में इंट्री की थी। लेकिन जब एटीएम के 500-500 रुपए के दो नोट बाहर आए तो व्यक्ति की आंखें खुली की खुली ही रह गईं। क्‍योंकि इन 500 रुपए के नोटों पर नंबर ही नहीं था। उनके बाद दो लोगों ने 1000 रुपए के नोट निकाले तो उनके 500 रुपए के नोट भी बिना नंबर के ही थे। अधिकारियों के मुताबिक ये नोट नकली है या नहीं अभी इस बात की जांच की जा रही है। गौर हो कि पिछले दिनों दक्षिण दिल्ली के संगम बिहार स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया के एक एटीएम से 2,000 रुपये के नकली नोट निकलने का मामला सामने आया था। नोट पर हिन्दी में ‘भारतीय मनोरंजन बैंक’ और अंग्रेजी में ‘चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया’ लिखा है। नोटों पर आरबीआई की जगह पीके भी लिखा था और बायीं ओर के सिरे पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की जगह ‘भारतीय मनोरंजन बैंक’ लिखा था।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख