ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

मंदसौर: मध्य प्रदेश से लेकर महाराष्ट्र तक किसान सड़कों पर हैं । मध्य प्रदेश में कर्ज माफी और फसलों की उचित कीमत मांगने को लेकर किसानों का आंदोलन बेकाबू हो गया है। मंदसौर में किसान आंदोलन बुधवार को और भड़क गया। मंगलवार को फायरिंग में छह किसानों की मौत से गुस्साए किसानों ने 100 से ज्यादा वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की। इस घटना के बाद मंदसौर के डीएम स्वतंत्र सिंह और एसपी को हटा दिया गया है। दूसरी ओर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज (गुरूवार) मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुए हैं। राहुल आंदोलन में मारे गए किसानों के परिजनों से मिलेंगे। राज्य के 4 जिलों रतलाम, नीमच, मंदसौर और उज्जैन में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद किये गए हैं। कांग्रेस एवं किसान यूनियनों द्वारा सामूहिक रूप से आहूत राज्यव्यापी बंद के दौरान आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने बुधवार (7 जून) मंदसौर, देवास, नीमच खरगौन, धार, इंदौर, सीहोर एवं उज्जैन सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लूटपाट, आगजनी, तोड़फोड़ एवं पथराव किया। इसमें एक दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इसके अलावा कई जगहों पर सड़क यातायात अवरद्ध किया गया। देवास रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन को रोका गया और देवास जिले में इन्दौर-भोपाल मार्ग पर नेवरी फाटक के पास चार चाटेर्ड बसों सहित 12 वाहनों को आग लगा दी गई।

मंदसौर: मध्य प्रदेश में फसलों के वाजिब दाम सहित अन्य मांगों को लेकर चल रहा किसानों का आंदोलन मंगलवार को हिंसक हो गया। जब मंदसौर जिले में आंदोलन कर रहे किसानों पर पुलिस ने गोलियां बरसाईं, जिसमें पांच किसानों की मौत हो गई। घटना के बाद प्रदर्शनकारी और उग्र हो गए हैं। स्थिति बेकाबू होती देख मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं और उच्च अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिले के पिपल्यामंडी में आंदोलनकारी उपद्रव करने लगे थे। लिहाजा पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए गोलियां चलानी पड़ीं। फायरिंग में पांच लोगों की मौत हो गई है जबकि कई घायल हो गए हैं। पुलिस के इस कदम से भड़के प्रदर्शनकारियों ने पिपल्यामंडी चौकी का घेराव पर उसमें आग लगाने की कोशिश की और गांधी चौराहे पर कई वाहनों को फूंक दिया। कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए ट्वीट किया कि यह सरकार किसानों के साथ युद्ध कर रही है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार किसानों के मसले पर संवेदशील है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि हिंसा को बढ़ावा देने के लिए कांग्रेस पार्टी साजिश कर रही है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि फायरिंग में मरने वालों के परिजनों को 5 लाख से 10 लाख तक की सहायता राशि दी जाएगी जबकि घायलों के परिजनों को 1 लाख की राशि दी जाएगी।

नई दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में बस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की बुधवार को मंजूरी दी। पीएम मोदी ने दुर्घटना में गंभीर रूप से घायलों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 50 -50 हजार रुपये देने की मंजूरी दी। उत्तरकाशी जिले में मंगलवार शाम नलूपानी के नजदीक भागीरथी नदी में एक बस गिरने से उसमें सवार मध्य प्रदेश के 24 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी। यह दुर्घटना तब हुई जब तीर्थयात्री हिमालय स्थित गंगोत्री से लौट रहे थे। पीएम मोदी ने कहा, मेरी प्राथनाएं उत्तरकाशी में दुखद बस दुर्घटना में अपने प्रियजन को खोने वाले लोगों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उत्तराखंड के मुख्य सचिव एस रामास्वामी ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव बीपी सिंह से अनुरोध किया है कि पीड़ितों के पते और बैंक खाता संख्या एवं आईएफएससी कोड भेजे जाएं ताकि मुआवजा राशि उनके खातों में डाली जा सके।

भोपाल: उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी के सांसद चौधरी मुनव्वर सलीम के मध्य प्रदेश के विदिशा स्थित फार्म हाउस से 23 बकरियां चोरी हो गईं, जिनमें से 17 बकरियों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही बरामद कर लिया, जबकि तीन बकरियां मृत अवस्था में मिलीं तथा तीन अन्य बकरियों की तलाश जारी है। गौरतलब है कि सवा तीन साल पहले उत्तर प्रदेश के मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के ही नेता आजम खान के उत्तर प्रदेश के रामपुर के पसियापुरा स्थित डेयरी फार्म से सात भैंस चोरी हुई थीं और वारदात के बाद तुरंत संज्ञान लेते हुए वहां की पुलिस ने ये सभी भैंस लगभग 24 घंटे के अंदर ही बरामद कर ली थीं। सलीम की इन बकरियों की चोरी होने की रिपोर्ट सांसद सलीम के छोटे भाई मुबश्शिर चौधरी द्वारा सिविल लाइन थाना विदिशा में सोमवार सुबह दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और 23 बकरियों में से 17 बकरियों को जिंदा एवं तीन बकरियों को मृत अवस्था में 24 घंटे के अंदर ही ढूंढ़ निकाला, जबकि शेष तीन बकरियों की तलाश जारी है। सलीम उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी के सांसद हैं. वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के विदिशा के रहने वाले हैं, जहां से केन्द्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज लोकसभा का प्रतिनिधित्व करती हैं। विदिशा मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से लगभग 50 किलोमीटर दूर है।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख