ताज़ा खबरें
भारत सरकार ने पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी को किया निष्कासित
कश्मीर पर दूसरे देश की मध्यस्थता भारत को मंजूर नहीं: विदेश मंत्रालय
सीमावर्ती इलाकों में एअर इंडिया-इंडिगो की उड़ानें रद्द, एडवाइजरी जारी
अमृतसर में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत, 6 की हालात गंभीर

श्रीनगर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा' के तहत श्रीनगर में लाल चौक के ऐतिहासिक घंटाघर पर कड़ी सुरक्षा के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराने के लिए घंटाघर की ओर रवाना होने से पहले राहुल ने सोनावर में यात्रा से 30 मिनट का विश्राम लिया और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मौलाना आज़ाद रोड स्थित मुख्यालय पहुंचे।

लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के दौरान राहुल की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के नेता वहां मौजूद थे। दस मिनट के इस कार्यक्रम के लिए सुरक्षा व्यवस्था बेहद पुख्ता थी। लाल चौक की तरफ जाने वाली सभी सड़कों को शनिवार रात से ही सील कर दिया गया था और वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दी गई थी।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष द्वारा लाल चौक पर ध्वजारोहण के लिए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दुकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठान और साप्ताहिक पिस्सू बाजार को बंद कर दिया गया था। तीस जनवरी को एसके स्टेडियम में रैली की जाएगी। इसमें 23 विपक्षी दलों को आमंत्रित किया गया है। इसके बाद यात्रा का समापन होगा।

इससे पहले सुरक्षा में चूक के घटनाक्रम के बाद शनिवार को तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुरसू गांव अवंतिपोरा से यात्रा बहाल हुई।

इसके बाद यात्रा बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल गैलेंडर पांपोर से होते हुए पंथा चौक पर पहुंची। पुलवामा से पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, उनकी बेटी इल्तिजा मुफ्ती और पार्टी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राहुल के साथ यात्रा में शामिल हुए। इसके अलावा पुलवामा में ही प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं।

महबूबा मुफ्ती ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कश्मीर में ताजी हवा की सांस की तरह है, क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को 2019 के बाद पहली बार घरों से बाहर निकलने का मौका मिला है। केंद्र सरकार ने पांच अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 को निरस्त किया था और उसके बाद इतनी बड़ी संख्या में लोगों को बाहर नहीं आने दिया गया।

राहुल के साथ चलना एक शानदार अनुभव था। यह बात महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट के जरिये कही। भारत जोड़ो यात्रा के लिए पहले से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा बलों की ओर से यात्रा के शुरुआती बिंदु तक जाने वाली सभी सड़कों को सील कर दिया गया था।

केवल अधिकृत वाहनों और पत्रकारों को ही यात्रा स्थल तक जाने की अनुमति दी गई। राहुल गांधी के चारों ओर तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा रहा। दक्षिण कश्मीर के चुरसू इलाके में उत्साही समर्थकों ने यात्रा का स्वागत किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक तिरंगे व पार्टी के झंडे लेकर यात्रा में शामिल हुए। राहुल गांधी ने सफेद रंग की टी-शर्ट और स्लीवलेस जैकेट में में पदयात्रा शुरू की।

भाजपा से मुकाबले को कांग्रेस विपक्षी गठबंधन का आधार बने: जयराम

कांग्रेस के महासचिव व भारत जोड़ो यात्रा के संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस को 2024 के आम चुनावों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए किसी भी विपक्षी गठबंधन का आधार बनना होगा, क्योंकि कांग्रेस ही एकमात्र बड़ी विपक्षी पार्टी है। उन्होंने कहा कि वह निश्चित रूप से इस साल गुजरात के पोरबंदर से अरुणाचल प्रदेश के परशुराम कुंड तक एक और यात्रा करने के पीछे अपना वजन डालेंगे, लेकिन पार्टी को अंततः इस पर फैसला करना है। रमेश ने दावा किया कि भाजपा भले ही सत्ता में हो सकती है, लेकिन उपस्थिति के मामले में कांग्रेस एकमात्र राष्ट्रीय राजनीतिक ताकत है।

 

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख