न्यूयॉर्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर का श्रेय लेने में जुट गए हैं। पहले उन्होंने बीते दिन शाम पांच बजकर 37 मिनट पर दोनों देशों के बीच सीजफायर का दावा किया। इसके बाद पाकिस्तानी विदेश मंत्री और भारत के विदेश सचिव ने इसे लेकर आधिकारिक एलान किया। हालांकि भारत ने साफ किया कि यह समझौता दोनों देशों के बीच हुआ है, इसमें किसी तीसरे पक्ष का दखल नहीं है।
ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा, 'मुझे भारत और पाकिस्तान के मजबूत और अडिग नेतृत्व पर बहुत गर्व है, क्योंकि उनके पास यह जानने और समझने की शक्ति, बुद्धि और धैर्य है कि वर्तमान संघर्ष को रोकने का समय आ गया है, जो कई लोगों की मौत और विनाश का कारण बन सकता था। लाखों अच्छे और निर्दोष लोग मारे जा सकते थे! आपकी विरासत आपके बहादुर काम से बहुत बढ़ गई है। मुझे गर्व है कि अमेरिका ने आपको इस ऐतिहासिक और वीरतापूर्ण निर्णय पर पहुंचाने में मदद की। अभी चर्चा नहीं हुई है, लेकिन मैं इन दोनों महान देशों के साथ व्यापार को काफी हद तक बढ़ाने जा रहा हूं।
उन्होंने कहा, इसके अलावा मैं आप दोनों के साथ मिलकर यह देखने के लिए काम करूंगा कि क्या हजार साल के बाद कश्मीर के संबंध में कोई समाधान निकाला जा सकता है। भगवान भारत और पाकिस्तान के नेतृत्व को अच्छी तरह से किए गए काम के लिए आशीर्वाद दें!!!'
बीते दिन ट्रंप ने किया दावा- अमेरिका ने की मध्यस्थता
बीते दिन संघर्ष विराम की पहली सूचना ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में दी। उन्होंने कहा, 'भारत और पाकिस्तान संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं।' इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा था कि बीते 48 घंटे में उनकी पीएम नरेंद्र मोदी और शहबाज शरीफ, एस जयशंकर, पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर और दोनों देशों के एनएसए से बातचीत हुई है। इसके बाद दोनों देश संघर्षविराम और किसी तटस्थ जगह पर व्यापक बातचीत शुरू करने पर सहमत हुए। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री व विदेश मंत्री इशाक डार ने तत्काल संघर्षविराम की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि दिनभर चली व्यस्त कूटनीति के कारण दोनों सैन्य अधिकारियों के बीच बातचीत हुई और सहमति बनी।
ट्रंप ने लिया श्रेय, सबसे पहले ट्वीट, समझदारी से भरे फैसले की बधाई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने (शाम 5:37 बजे) ट्रूथ सोशल मीडिया पर लिखा, अमेरिका की मध्यस्थता में रात में लंबी बातचीत के बाद बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत-पाकिस्तान तुरंत पूरी तरह हमले रोकने के लिए तैयार हो गए हैं। दोनों देशों को सामान्य बुद्धि, समझदारी से भरा फैसला लेने के लिए बधाई।