ताज़ा खबरें
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 14 संवैधानिक प्रश्‍नों पर सुप्रीम कोर्ट से राय मांगी
जम्मू-कश्मीर के त्राल में एनकाउंटर, सुरक्षाबलों ने एक आतंकी किया ढेर

नई दिल्ली (जनादेश ब्यूरो): केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की ओर से राज्यसभा में डॉ. बीआर अंबेडकर पर की गई टिप्पणी के विरोध में विपक्षी गठबंधन के सांसदों का विरोध प्रदर्शन जारी है। आंबेडकर के मुद्दे पर हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा में आंबेडकर मुद्दे पर एक बार स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई।

'संसद सत्र खत्म हो गया, लेकिन मुद्दा खत्म नहीं होता': अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, 'संसद की कार्यवाही तो खत्म हो जाएगी लेकिन मुद्दा खत्म नहीं होता है। विपक्ष की मांग है कि उन्हें (अमित शाह) अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए। देश को आगे ले जाने के लिए बाबा साहेब का संविधान ही हमें रास्ता दिखाता है और बीजेपी समय-समय पर संविधान को कमजोर करने की कोशिश करती है। बीजेपी के लोग सबसे पहले असंवैधानिक काम करते हैं, अन्याय करते हैं और जब आप पीड़ित लोगों के पक्ष में खड़े होते हैं तो वे आप पर झूठे मुकदमें लगाते हैं।'

गृहमंत्री को अपने शब्द वापस लेने चाहिए: अखिलेश यादव

कन्नौज से सपा संसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, 'उन्हें (केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह) अपने शब्द वापस लेने चाहिए और बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर जी का अपमान नहीं करना चाहिए।'

'हमने भारत के लोगों को निराश किया': शशि थरूर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, 'मैं बहुत निराश हूं। मुझे लगता है कि हमारे देश में कई ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दे हैं जिन पर चर्चा होनी चाहिए। दुख की बात है कि इस समय का अधिकांश हिस्सा व्यवधान में बर्बाद हो गया है। मुझे लगता है कि हमने भारत के लोगों को निराश किया है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। संसद बहस और चर्चा के लिए एक मंच है लेकिन व्यवधान के लिए नहीं है।'

'यह लोकसभा अध्यक्ष की सर्वोच्चता को चुनौती': धर्मेंद्र यादव

सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर कहा, 'यह संसद परिसर का मामला है। अगर कोई बात थी तो पहले लोकसभा अध्यक्ष के संज्ञान में जानी चाहिए थी। अध्यक्ष स्तर से इसका समाधान होना चाहिए था। यह संसद और परिषद में हमारे अध्यक्ष की सर्वोच्चता को चुनौती है।'

गृहमंत्री शाह के खिलाफ इंडिया अलायंस के सांसदों का संसद भवन में विरोध प्रदर्शन

विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' ने संसद परिसर में बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष विरोध मार्च निकाला। वे मकर द्वार तक मार्च रह रहे हैं और राज्यसभा में बाबासाहेब अंबेडकर पर की गई टिप्पणी के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने और इस्तीफा देने की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा राज्यसभा में डॉ. बीआर आंबेडकर पर की गई टिप्पणी के विरोध में इंडिया अलायंस के सांसदों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं।

'राहुल गांधी किसी को धक्का नहीं दे सकते': प्रियंका गांधी

संसद में मचे के बवाल के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी नीली टीशर्ट पहनकर पहुंचे। इस दौरान प्रियंका गांधी भी नीली साड़ी में नजर आईं। दरअसल, कांग्रेस ने भाजपा पर बाबासाहेब का अपमान करने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को संसद परिसर में सांसदों की धक्का-मुक्की वाले विवाद पर कहा, 'यह सरकार डरती है। यह सरकार अडानी मामले पर चर्चा करने से डरती है। यह किसी भी चर्चा से डरती है। उन्हें पता है कि आंबेडकर के लिए उनकी सच्ची भावनाएं सामने आ चुकी हैं। इसलिए, अब वे विपक्ष से डरे हुए हैं क्योंकि हम इस मुद्दे को उठा रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'यह सरकार की हताशा है। वे इतने हताश हैं कि वे झूठी एफआईआर दर्ज कर रहे हैं। राहुल कभी किसी को धक्का नहीं दे सकते। मैं उनकी बहन हूं, मैं उन्हें जानती हूं। वे ऐसा कभी नहीं कर सकते। सच कहूं तो, देश भी यह जानता है। ये सब ध्यान भटकाने वाली बातें हैं।'

एनडीए सांसदों ने राहुल गांधी के निलंबन की मांग को लेकर संसद परिसर में किया प्रदर्शन

  एनडीए सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस पार्टी पर डॉ. बीआर आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की ओर से राज्यसभा में डॉ. बीआर आंबेडकर पर की गई टिप्पणी के विरोध में विपक्षी गठबंधन के सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया। जवाब में भाजपा ने भी बीते दिन हुई धक्कामुक्की की घटना को लेकर राहुल गांधी को सदन से निलंबित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

'राहुल गांधी छात्र नेता की तरह व्यवहार करते हैं': ललन सिंह

जदयू सांसद और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी के शासनकाल के दौरान बाबा साहब भीम राव अंबेडकर को अपमानित किया गया और अब राहुल गांधी खुद की तुलना भीम राव अंबेडकर से कर रहे हैं। यह बचपना नहीं तो और क्या है? कल की जो घटना है, उनकी (राहुल गांधी) अगर नीयत सही होती तो ये घटना नहीं होती। यह सब अपरिपक्वता के गुण हैं। वे(राहुल गांधी) छात्र नेता की तरह व्यवहार करते हैं और सपना प्रधानमंत्री बनने का देखते हैं। लोकतंत्र इस तरह नहीं चलता है।'

'राहुल गांधी का रवैया अहंकारपूर्ण': अनुराग ठाकुर 

बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, 'राहुल गांधी का जो अहंकार कल देखने को मिला और अपने साथी सांसदों का प्रति जो उनका रवैया था वो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। सब नियमों का उल्लंघन करके, जो तय रास्ता था वहां से जाने के बजाय जान-बूझकर दलबल को साथ में लेकर जिस तरह से उन्होंने हुड़दंग मचाया है। यह माफी लायक नहीं है। एक नेता प्रतिपक्ष क्या इस सोच के साथ जा सकता है? जब उन्हें(राहुल गांधी) घायल के पास लेकर गए तो हाल चाल पूछना छोड़िए, माफी मांगना छोड़िए उनके चेहरे पर अहंकार नजर आ रहा था। उनका (राहुल गांधी) बयान था कि धक्का-मुक्की तो होती रहती है। इससे स्पष्ट होता है कि उनकी सोच है कि किसी के साथ कुछ भी कर दो, हमें तो कुछ होने वाला नहीं है।'

'दुर्भाग्य है कांग्रेस की मानसिकता पर: बीजेपी सांसद'

बीजेपी सांसद दीपक प्रकाश ने कहा, 'बड़ा दुर्भाग्य है कांग्रेस की मानसिकता पर, कांग्रेस की सोच पर और कांग्रेस के पागलपन पर कि अब वे बाबा साहब की तुलना राहुल गांधी से कर रहे हैं। और कल तो उन्होंने (राहुल गांधी) आदिवासी महिला को अपमानित करके खुद को आदिवासी और महिला विरोधी भी साबित कर दिया है।'

एक देश एक चुनाव संबंधी दो विधेयक जेपीसी को भेजने की संसद ने दी मंजूरी

लोकसभा ने देश में एक साथ चुनाव कराने से संबंधित दो विधेयकों को संसद की संयुक्त समिति के पास भेजने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। सदन की कार्यसूची में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की ओर से शुक्रवार को दोनों विधेयकों को एक संयुक्त समिति के पास भेजने का प्रस्ताव है। समिति में लोकसभा के 27 और राज्यसभा के 12 सदस्य शामिल होंगे।

कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा और राज्यसभा में दिए स्थगन प्रस्ताव के नोटिस 

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की राज्यसभा में डॉ. बीआर आंबेडकर पर टिप्पणी पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया और उनसे माफी और इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस सांसद के सुरेश ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की डॉ. बीआर आंबेडकर पर राज्यसभा में की गई टिप्पणी को लेकर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया।  

पिछले दशक में विदेशियों ने करीब 5,000 भारतीय बच्चों को गोद लिया

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले 10 वर्षों में विदेशियों ने करीब 5,000 भारतीय बच्चों को गोद लिया है। लोकसभा में एक प्रश्न के उत्तर में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि सरकार को विदेशियों द्वारा गोद लिए गए बच्चों के अनुचित पालन-पोषण और शोषण की कोई शिकायत नहीं मिली है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में विदेशियों ने 4,963 बच्चों को गोद लिया है। सबसे अधिक 2,031 बच्चे अमेरिका में गोद लिए गए हैं, इसके बाद इटली में 1,029, स्पेन में 517, यूएई में 252 और माल्टा में 215 बच्चे गोद लिए गए हैं।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख