ताज़ा खबरें
एसआईआर के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन आजादी की दूसरी लड़ाई: खड़गे
जेडीयू से बाहर निकाले जाने पर अनंत सिंह बोले- बनाऊंगा अपनी पार्टी
रामलीला मैदान की रैली से पहले राहुल बोले- बीजेपी का दिल से धन्यवाद

बैंगलुरू: इंफोसिस के सह संस्थापक एनआर नारायण मूर्ति ने राष्ट्रपति पद के लिए अपनी दावेवारी की अटकलों को खारिज कर दिया। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ बैठक के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘ इस पर न चर्चा की जानी चाहिए और न ही कयास लगाने चाहिए। वे (जो सत्ता में है) जानते हैं कि किसे बनाना है और किसे (राष्ट्रपति) नहीं बनाना है। यह (इस पर चर्चा करना) अच्छा नहीं लगता है। वरिष्ठों पर इसका फैसला छोड़ दिना चाहिए और हमें अपना काम करना चाहिए।’ मूर्ति इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि राष्ट्रपति पद के लिए उनका नाम सुनने में आ रहा है। वर्ष 2007 में तत्कालीन राष्ट्रपति ए पी जे अब्दुल कलाम के उत्तराधिकारी के तौर पर भी उनका नाम चर्चा में आया था लेकिन मूर्ति ने तब भी अटकलों को विराम दे दिया था।

दावणगेरे(कर्नाटक): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यक्रम मुख्य रूप से किसानों और गरीबों के लिए हैं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र से बिचौलियों की भूमिका खत्म की जा रही है। केंद्र सरकार के कामकाज की आलोचना करने वालों को आड़े हाथ लेते हुए प्रधानमंत्री ने आज (रविवार) कहा कि उनकी दो साल पुरानी सरकार ने 700 से ज्यादा योजनाएं शुरू की हैं और यदि कुछ काम नहीं भी हो सके हैं तो भी ‘‘मैं देश को गलत राह पर नहीं जाने दूंगा ।’’ अपनी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर ‘विकास पर्व’ के तहत एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने जोर देकर कहा कि वह ‘‘पाप के पथ पर कभी नहीं जाएंगे’’ । उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार डीजल और पेट्रोल सहित अन्य लॉबियों के दबाव में ‘‘झुक’’ गई थी । मोदी ने कहा कि उन्होंने अपना दफ्तर भी ठीक से नहीं देखा था और कुछ लोगों ने उनके काम पर सवाल उठाना शुरू कर दिया । आलोचकों पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यक्रम मुख्य रूप से किसानों और गरीबों के लिए हैं और उनमें बिचौलियों की भूमिका खत्म की जा रही है । उन्होंने कहा कि 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी हो जायेगी । प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मेरी सरकार ने एक हफ्ता भी पूरा नहीं किया था और कुछ लोगों ने इसके काम पर सवाल उठाना शुरू कर दिया । हमें हिसाब देने को कहा गया ।

कोप्पल: टमटम और लारी के सोमवार को यहां आमने-सामने भिड़ने से नौ महिलाओं समेत 11 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। कोप्पल के पुलिस अधीक्षक त्यागराजन ने पीटीआई भाषा को बताया कि यहां से 12 किलोमीटर दूर हलगेरी गांव में हुई इस दुर्घटना में टमटम (बड़ा आटोरिक्शा) में सवार सभी 11 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में लारी के खलासी सहित पांच अन्य लोग घायल हो गए जिन्हें यहां के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और 35 वर्षीय एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। शाम करीब 6.45 बजे घटी इस दुर्घटना में मारे गए लोग कोप्पल से कुकनूर जा रहे ऑटो रिक्‍शा में सवार थे और लारी हुबली से यहां आ रही थी। लारी का ड्राइवर फरार है।

बेंगलुरु: कपड़ा फैक्टरी के कर्मचारियों के आंदोलन के दूसरे दिन हिंसक रूप लेने से कई बसों को आग लगा दी गई और एक पुलिस थाने पर हमला किया गया। कर्मचारी भविष्य निधि के नए नियमों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने हेब्बागोडी पुलिस थाने पर पथराव किया और थाने पर जब्त कर खड़े किए गए वाहनों को आग लगा दी। पुलिस को स्थिति काबू में करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए उसने आंसूगैस के गोले छोड़े। उन्होंने कहा कि कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम की कम से कम दो बसों और बेंगलूरू मेट्रोपोलिटन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन की एक बस में आग लगा दी गई। बनेरघट्टा और जालाहल्ली चौराहे तथा इलेक्ट्रानिक सिटी सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में बसों एवं अन्य वाहनों पर पथराव की घटनाओं की खबरें आई हैं। शहर में होसुर रोड जैसे विभिन्न प्रवेश एवं निकासी बिंदुओं पर ट्रैफिक जाम की खबरें आई हैं। होसुर रोड से इलेक्ट्रानिक सिटी तथा टुमकुर रोड के लिए रास्ता जाता है जहां बड़ी संख्या में वस्त्र इकाइयां हैं। शहर के पुलिस आयुक्त एन.एस. मेघरिख ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन शहर के बाहरी इलाकों में कुछ मुद्दे हैं।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख