ताज़ा खबरें
'संघर्ष विराम में नहीं थी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता': विदेश सचिव मिस्री
मंत्री शाह को सुप्रीम कोर्ट की फटकार, जांच के लिए एसआईटी गठित

हैदराबाद: तेलंगाना में महिला पशु चिकित्सक के साथ सामूहिक बलात्कार और हत्या के मामले की जांच कर रही पुलिस ने सोमवार को बताया कि उससे जांच को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया है। पुलिस ने बताया कि तेलंगाना पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एम महेंद्र रेड्डी ने रविवार रात को हुई एक बैठक में ये निर्देश दिए जिसमें उन्होंने मामले में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की। इससे पहले रेड्डी ने उस जगह का मुआयना किया जहां यह वीभत्स अपराध अंजाम दिया गया था और जिसने 2012 के निर्भया मामले की दर्दनाक यादों को ताजा कर दिया है। इस मामले को लेकर देश में एक बार फिर आक्रोश का माहौल है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “डीजीपी सर ने हमें कुछ निर्देश दिए हैं...जांच जारी है...समयबद्ध तरीके से हम जांच को पूरा करेंगे।” अधिकारी ने बताया कि पुलिस चारों आरोपियों पर मुकदमा चलाने के लिए विधि मंत्रालय से फास्ट ट्रैक अदालत गठित करने का अनुरोध करने की प्रक्रिया में है। पुलिस इस नृशंस अपराध को अंजाम देने वालों के लिए अधिकतम सजा की मांग करेगी।

हैदराबाद: तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने एलान किया है कि महिला पशु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और कत्ल के आरोपियों को सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जानकारी दी गई है कि सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आरोपियों से शीघ्रता से पूछताछ की जाए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। सीएम ने मामले से निपटने के लिए एक फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का भी फैसला किया है।

किसी भी नेता को पीड़िता के परिवार से मिलने की इजाजत नहीं

वहीं, पीड़िता की कॉलोनी के लोगों ने उसके माता-पिता से मिलने के लिए किसी भी राजनीतिक दल के नेता को कॉलोनी के अंदर नहीं आने दिया। वहीं पुलिस आगे की जांच के लिए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। शहर के बाहरी हिस्से में स्थित शमशाबाद इलाके में लोगों ने कॉलोनी का मुख्य द्वार बंद कर दिया और तख्ती टांग दी जिस पर लिखा था, मीडिया नहीं, पुलिस नहीं, कोई बाहरी नहीं, कोई हमदर्दी नहीं, सिर्फ कार्रवाई, इंसाफ।

हैदराबाद: हैदराबाद में महिला डॉक्टर के बाद अब एक और महिला का शव बरामद हुआ है। शुक्रवार को जहां महिला डॉक्टर की जली हुई लाश मिली थी उसी क्षेत्र में ही इस महिला का शव भी मिला है। अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। सहायक पुलिस आयुक्त अशोक कुमार गौड़ ने कहा कि कुछ राहगीरों ने जले हुए शरीर को देखा और उन्हें सूचित किया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल पहुंचाया।

शमशाबाद जोन के डीसीपी प्रकाश रेड्डी ने बताया कि, पीड़िता की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। हम मामले की जांच कर रहे हैं। इसके लिए कई टीमों का गठन किया गया है। हम मामले को जल्द सुलझा लेंगे। इस महिला का शव उसी जगह शमशाबाद में मिला जहां पर दो दिन पहले ही महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई थी। महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के बाद लोगों में आक्रोश है और सोशल मीडिया पर लोग अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।

हैदराबाद: दिल्ली के निर्भया कांड की पुनरावृत्ति एक बार फिर हैदराबाद में दिखी है। हैवानियत की पराकाष्ठा से आगे जाते हुए यहां कुछ लोगों ने एक युवा महिला पशु चिकित्सक (27) के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे जिंदा ही जला दिया। इसके बाद उसकी अधजली लाश को पुल से नीचे फेंक दिया गया। जिस तरह निर्भया को मदद का भरोसा देकर बस में बैठा लिया गया था, उसी तरह मदद का झांसा यहां भी देकर इंसानियत को शर्मसार कर दिया गया। शादनगर थाने में हुई इस घटना के प्रकाश में आने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी पेशे से ट्रक ड्राइवर और उसके सहायक हैं। इस पशु चिकित्सक का शव शादनगर के बाहरी इलाके में हैदराबाद-बंगलूरू राजमार्ग पर बने एक पुल के नीचे बृहस्पतिवार को बरामद हुआ था। इस पीड़िता की छोटी बहन ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा था कि बुधवार रात नौ बजकर 22 मिनट पर उसकी इस बड़ी बहन से बात हुई थी और उसने कहा था कि वह एक टोल प्लाजा के पास है और किसी ने उसकी स्कूटी के टायर की हवा निकली होने की बात कह कर मदद की पेशकश की थी।

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख