ताज़ा खबरें
वक्फ कानून के खिलाफ नई याचिका पर सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इंकार

बीजिंग: चीन में अपनी तरह के पहले मामले में बुधवार को एक न्यायाधीश ने एक समलैंगिक जोड़े को कानूनी मान्यता देने से इनकार कर दिया। 'बीबीसी' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुन वेनलिन और हू मिंगलियांग ने अपने विवाह का पंजीकरण न करने पर चांगशा शहर के अधिकारियों के खिलाफ एक मुकदमा दायर किया था। चीन कानूनी तौर पर समलैंगिक विवाह को मान्यता प्रदान नहीं करता है, लेकिन वहां लेस्बियन, गे, बाईसेक्सुअल तथा ट्रांसजेंडर मुद्दों को लेकर लोगों के बीच जागरूकता बढ़ रही है। 27 वर्षीय सु तथा 37 वर्षीय हु जिस वक्त अदालत में दाखिल हुए, उनके सैकड़ों समर्थक अदालत के बाहर खड़े थे। अधिकारियों ने केवल 100 समर्थकों को ही अंदर जाने की अनुमति दी। सुनवाई शुरू होने के कुछ घंटों बाद अदालत ने मामले को खारिज कर दिया। समलैंगिक जोड़े के वकील शी फुनोंग ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि फैसला दोनों के खिलाफ होगा, लेकिन मामले के इतनी जल्दी खारिज होने के बारे में उन्होंने नहीं सोचा था।

तोक्यो: जापान के दक्षिणी इलाके में आज (गुरूवार) 6.5 तीव्रता का भूकंप में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 45 लोग घायल हो गए जबकि अनेक मकान ध्वस्त हो गये और सड़कों को नुकसान पहुंचा। कुमामोतो प्रीफेक्चर आपदा प्रबंधन अधिकारी तकायुकी तातसुशिता ने बताया कि दोनों मौतें माशिकी शहर में हुई है। कमुामोतो शहर से 15 किलोमीटर उत्तर पर स्थित माशिकी शहर भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। इससे पहले रेड क्रास कुमामोतो अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि वहां इलाज के लिए 45 लोगों को भर्ती कराया गया है। उनमें से पांच को गंभीर चोटें आई हैं। अधिकारियों ने बताया कि कई मकान गिर गए और कम से कम एक जगह आग लग गयी। हालांकि अभी तक नुकसान का विवरण नही मिला है। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप रात नौ बजकर 26 मिनट पर मध्य क्युशु के कुमामोतो प्रीफेक्चर, बेहद कम गहरायी, 10 किलोमीटर, पर आया। हालांकि इससे सुनामी का कोई खतरा नहीं है। एजेंसी ने बताया कि भूकंप के लगभग 30 मिनट बाद 5.7 तीव्रता का दूसरा भूकंप भी आया।

थिंपू: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट ने गुरुवार को भूटान के राजा और रानी से मुलाकात की। प्रिंस विलियम और केट का एक रंगारंगा कार्यक्रम में स्वागत किया गया। ब्रिटेन की शाही दंपत्ति की दो दिवसीय भूटान यात्रा आज से शुरू हुई। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक और रानी जेत्सुन पेमा ने राजधानी थिंपू में ताशिचो जोंग किले में ब्रिटेन की शाही दंपत्ति का स्वागत किया। इस अवसर पर भिक्षुओं ने झुककर उनका नमन किया। प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट बृहस्पतिवार को सुबह भारत से भूटान के लिए रवाना हुए। भूटान के राजा जिन्हें ड्रैगन किंग के तौर पर भी जाना जाता है, ने भूटानी राष्ट्रीय परिधान में ब्रिटेन की शाही दंपत्ति का स्वागत किया।

संयुक्त राष्ट्र: बी आर अंबेडकर को हाशिए पर जी रहे लोगों के लिए एक वैश्विक ‘प्रतीक’ बताते हुए संयुक्त राष्ट्र की एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि भारत के इस समाज सुधारक की ‘सशक्तिकरण और सामाजिक एवं आर्थिक समानता’ वाली सोच को सच करने की दिशा में यह वैश्विक संस्था भारत के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। यूएनडीपी की प्रबंधक हेलेन क्लार्क ने भारत के स्थायी मिशन द्वारा आयोजित एक विशेष समारोह में अपने संबोधन में कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र में इस महत्वपूर्ण वषर्गांठ को मनाए जाने पर मैं संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम :यूएनडीपी: की ओर से भारत को बधाई देती हूं।’’ यह पहली बार है, जब अंबेडकर जयंती के अवसर पर भारत ने इस वैश्विक संस्था में एक विशेष समारोह का आयोजन किया। संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव पद के उम्मीदवारों में शामिल क्लार्क ने कहा, ‘‘हम वर्ष 2030 के एजेंडे और दुनिया भर के गरीब एवं वंचित लोगों के लिए अंबेडकर की सोच को हकीकत में बदलना सुनिश्चित करने के लिए भारत के साथ अपनी बेहद करीबी साझेदारी को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ भारतीय संविधान के प्रमुख रचनाकार अंबेडकर की 125वीं जयंती कल इस वैश्विक संस्था में मनाई गई थी 

  • देश
  • प्रदेश
  • आलेख